बिहार: सहरसा को मिला नगर निगम का दर्जा, मनेर, झाझा, इस्लामपुर समेत छह बने नगर परिषद
मंगलवार को बिहार कैबिनेट की हुई बैठक में नितीश कुमार ने 14 एजेंडों पर मुहर लगाया, इसमें बिहार नगरपालिका अधिनियम में संशोधन कर तीन नए नगर निकायों के गठन को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही सात नगर निकायों को अपग्रेड किया गया है। 2 नगर निकायों का विस्तार और 7 नगर निकायों के नाम में संशोधन को मंजूरी दी गई है।
पूर्वी चंपारण में घोड़ासहन, बक्सर में इटाढ़ी और मुंगेर में संग्रामपुर नगर पंचायत का गठन किया गया है। इसके साथ ही सहरसा नगर परिषद को उत्क्रमित कर नगर निगम का दर्जा दिया गया है। यह राज्य का 19वां नगर निगम होगा।
छह नगर पंचायतों को अपग्रेड कर नगर परिषद का दर्जा दिया गया जिसमें पटना का मनेर, लखीसराय का बड़हिया, जुमुई का झाझा, मधुबनी का झंझारपुर, नालंदा का इस्लामपुर और दरभंगा का जाले समिल है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब कुल नगर निकायों की संख्या 262 हो गई है। इसमें 19 नगर निगम, 89 नगर परिषद और 154 नगर पंचायत शामिल हैं।
कैबिनेट ने सात नगर निकायों के क्षेत्र व नाम में भी संशोधन को स्वीकृति दी है। पश्चिम चंपारण के नगर पंचायत योगापट्टी का नाम बदलकर नगर पंचायत मच्छरगांवा किया गया है। दरभंगा के नगर पंचायत कमतौल में ग्राम पंचायत अहियारी दक्षिणी व गेसरी को सम्मिलित किया गया है। अब इसका नया नाम कमतौल अहियारी होगा। मधुबनी नगर निगम में ग्राम पंचायत मंगरौनी उत्तरी का वार्ड संख्या एक एवं दो तथा ग्राम पंचायत रघुनी देहट का वार्ड संख्या आठ से 13 को शामिल किया गया है।
राजगीर नगर परिषद में नई पोखर ग्राम पंचायत के ग्राम नई पोखर, बालवापर, लक्ष्मीपुर, लहुआर, पोखरपर, गाजीपुर, सौरेय, रामहरि पिंड और उजरपुर, ग्राम पंचायत गोरौर का ग्राम कटारी, ग्राम पंचायत पथरौरा का ग्राम बड़हरी, तिलैया, उदयपुर, पथरौरा, नोन्ही तथा ग्राम पंचायत नाहुब का ग्राम नाहुब एवं बेलौआ को सम्मिलित किया गया है।
दरभंगा के जाले नगर पंचायत में ग्राम पंचायत कतरौल बसंत व ग्राम पंचायत दोघड़ा के आंशिक भाग को सम्मिमित कर ग्राम परिषद का दर्जा दिया गया है। नवादा के हिसुआ में ग्राम रेपुरा सिरसा को जोड़े जाने को स्वीकृति दी गई है। इसी तरह किशनगंज के नगर पंचायत पौआखाली में राजस्व ग्राम पैकपाड़ा, एवं पेटभरी को शामिल किया गया है। नगर परिषद शिवहर में ग्राम सुंदरपुर को सम्मिलित किया गया है।

