IPL 2022: रोहित शर्मा ने बताया – 19 साल का ये खिलाड़ी जल्द भारत के लिए खेलेगा तीनों फॉर्मेट
मुंबई इंडियंस ने गुरुवार रात चेन्नई सुपर किंग्स पर 5 विकेट से जीत दर्ज कर सीजन का तीसरा मैच जीता। प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी मुंबई की इस जीत ने धोनी की सीएसके को भी इस दौड़ से बाहर कर दिया है।
मुंबई और चेन्नई के बीच इस मुकाबले में गेंदबाजों का बोलबाला देखने को मिला, पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपरकिगंस 97 रनों पर सिमट गई तो इस छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को भी लक्ष्य हासिल करने के लिए काफी मसक्कत करनी पड़ी। मगर अंत में तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी के चलते उन्होंने 31 गेंद शेष रहते इसे हासिल कर लिया।
मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इस युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की और कहा कि तिलक जल्द ही भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलते हुए नजर आएंगे।
रोहित शर्मा ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में 19 साल के तिलक वर्मा के लिए कहा “वह (तिलक) शानदार परफॉर्म कर रहा है, यह उसका (आईपीएल में) पहला साल है और ऐसे में इतना शांत दिमाग रखना कभी आसान नहीं होता। मुझे लगता है कि वह बहुत जल्द भारत के लिए एक ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ी बनने जा रहा है। उसके पास तकनीक और स्वभाव है। उसके लिए बहुत सी चीजें उज्ज्वल दिख रही हैं और भूख भी है।”
बताते चले कि आईपीएल के इस सीजन में तिलक वर्मा मुंबई के लिए एक बेहतरीन बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। इस युवा खिलाड़ी ने आईपीएल 2022 में खेले 12 मैचों में 40.89 की औसत से 368 रन बनाए हैं। इसी के साथ वह मुंबई इंडियंस के लिए इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने इस खिलाड़ी पर 1.70 करोड़ रुपए खर्च किए थे।

