बिहार में सबसे ज्यादा फाइन का TTE ने बनाया रिकॉर्ड, एक साल में वसूला 1.11 करोड़ रुपये का जुर्माना
हम बात कर रहे हैं पटना जक्शन पर तैनात टीटीई शशि कुमार (TTE Shashi Kumar) की, जिन्होंने गजब का काम किया है। चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान शशि कुमार ने बिना टिकट 16,423 यात्रियों को (TTE Shashi Kumar caught Several passengers without ticket) पकड़ा।
सिर्फ एक साल में इन्होंने 1 करोड़ 11 लाख 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। इनके कठिन परिश्रम को देखकर रेलवे विभाग भी अचरज में है।

पूर्व मध्य रेलवे में ऐसा करने वाले इकलौते
पूर्व मध्य रेलवे (East Central Railway) के अंतर्गत पांच मंडल है। जिनमें टिकट चेकिंग स्टाफ के तौर पर सैकड़ों कर्मी काम करते हैं। लेकिन इससे पहले इस तरह का रिकार्ड किसी ने नहीं बनाया है।
जानकार बताते हैं कि 1 करोड़ 11 लाख 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूलना आसान काम नहीं है। टिकट चेकिंग स्टाफ में यह व्यक्तिगत उच्च स्कोर है।

रेलवे के एक अधिकारी का कहना है कि ईस्ट सेंट्रल रेल में भी शशि कुमार ऐसे पहले टीटीई हो सकते हैं, जिन्होंने जुर्माने के तौर पर इतनी बड़ी रकम की वसूली की है।
युवक की जान बचाने के लिए हो चुके हैं सम्मानित
रेलवे विभाग टीटीई शशि कुमार का पहले भी सम्मान कर चुका है। कुछ महीने पहले एक युवक दानापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के इंजन के ऊपर चढ़ रहा था।

इसी क्रम में हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। बिजली की तार को टच करते ही युवक करंट से बुरी तरह झुलस रहा था। तभी मौके पर मौजूद टीटीई शशि ने तत्परता दिखाते हुए युवक को गमछे के सहारे बचा लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस कार्य के लिए टीटीई शशि का रेलवे अधिकारियों ने सम्मानित भी किया था।
बच्ची को तस्करी से बचाया, घर से भागने वालों को लौटाते हैं
शशि कुमार कहते हैं कि टिकट चेकिंग के दौरान कई गतिविधियों पर भी नजर रखनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पिछले साल उन्होंने 6 साल की एक लड़की को बिकने से बचाया।
कोइलवर की लड़की को तस्कर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे ,लेकिन टिकट चेकिंग के बहाने उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके अलावा वे घर से भागने वाले दो दर्जन से ज्यादा युवक-युवतियों को मोटिवेट कर घर लौटा चुके हैं।
इन्होंने की सबसे ज्यादा वसूली
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक आशीष यादव ने इस साल 01 अप्रैल 2021 से 9 मार्च 2022 तक 20,600 यात्रियों से 1.70 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला। यह देशभर में सबसे ज्यादा वसूली करने वाले टीटीई हैं।
दूसरे स्थान पर मुंबई डिवीजन के मोहम्मद शम्स हैं। पिछले 12 महीनों में इन्होंने 15840 बेटिकट/अनियमित यात्रियों को पकड़ा है और उनसे 1.25 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। तीसरे स्थान पर पटना के शशि कुमार हैं।

