आप भी है चाय के शौकीन तो बारिश के मौसम में ट्राई करें 5 अलग फ्लेवर की चाय, बढ़ जायेगा मॉनसून का मज़ा
Different Flavors Of Tea In Rainy Season: बारिश के मौसम में बार-बार चाय पीने का मन करता है। कभी अदरक तो कभी इलायची वाली चाय. हालांकि कई बार एक ही जैसे फ्लेवर से आप बोर भी हो जाते हैं।
आपकी इस बोरियत को दूर करने के लिए हम लेकर आए हैं, अलग-अलग फ्लेवर की चाय का स्वाद। हर एक प्याले का स्वाद पिछले वाले से अलग आएगा, तो आप बारिश का अधिक आनंद उठाएंगे।
आइए जानते हैं चाय के इन 5 अलग स्वाद के बारे में।
मसाला चाय
मसाला चाय का नाम आपने बहुत सुना होगा, लेकिन यह हर घर में नहीं बनती है, इसलिए ज़्यादातर लोग इसके ज़ायके से अनजान होते हैं। मसाला चाय के साथ आप बारिश के मौसम का मज़ा दोगुना कर सकते हैं।
इसके लिए चाय के पानी में चीनी के साथ सौंफ, इलायची, लौंग, दालचीनी, अदरक, काली मिर्च को कूटकर डालें और इसे अच्छी तरह से पकाकर चाय का आनंद लें।
तुलसी चाय
चाय का स्वाद आप तुलसी के फ्लेवर के साथ ले सकते हैं। इसके लिए आप नार्मल दूध वाली चाय बनाने के बाद इसमें तुलसी की कुछ पत्तियों को कूटकर डाल दें। तुलसी के पत्ते डालने के बाद कुछ देर तक चाय खौला लें। इससे चाय का स्वाद तो बदलेगा ही, तुलसी वाली चाय आपको मौसमी समस्याओं से भी बचाने में कारगर साबित होंगी।
हल्दी चाय
हल्दी वाले दूध का सेवन तो आप करते रहते होंगे, लेकिन इस मौसम में आप हल्दी वाली चाय का स्वाद भी ले सकते है। इसके लिए आप नार्मल चाय बनाने के आखिर में एक चुटकी हल्दी डाल दें।
हल्दी डालने के बाद चाय को एक से दो मिनट के लिए तेज़ आंच पर पकाएं. अगर आप इसमें चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करेंगे, तो चाय का स्वाद और सेहत के लिए यह चाय और भी बेहतर हो जाएगी।

सुलेमानी चाय
बारिश के मौसम में चाय के स्वाद को बढ़ाने के लिए आप सुलेमानी चाय का आनंद ले सकते हैं। इस चाय को आप दालचीनी, पुदीना, लौंग, इलायची, चीनी और चाय पत्ती की मदद से तैयार कर सकते हैं। चाय के पानी में इन सारी सामग्रियों को डालकर अच्छी तरह से खौला लें और गर्मागर्म चाय का आनंद लें।
गुड़ वाली चाय
चीनी तो आप हर बार चाय में इस्तेमाल करते हैं। बारिश के मौसम में चाय का स्वाद बदलने के लिए आप चाय में चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करें। आपको बस इतना करना है कि बिना चीनी की नार्मल चाय तैयार करनी है।
और फिर इसके बाद आखिर में गुड़ का इस्तेमाल चाय में करना है। चाय पका लेने के बाद गैस बंद कर लें और उसके बाद ही गुड़ डालें। अगर आप गुड़ पहले डाल देंगे तो चाय फट सकती है।

