बिहार को 5 सीएम देने वाले TNB कॉलेज को मिलेगा हेरिटेज का दर्जा, विश्वविद्यालय बनाने की मांग

बिहार को सबसे अधिक पांच मुख्यमंत्री और एक विधानसभाध्यक्ष सहित कई राजनेता व अधिकारी देने वाले भागलपुर के टीएनबी कॉलेज को अब हेरिटेज का दर्जा मिलेगा। बीते दिनों कॉलेज में पहली बार पूर्ववर्ती छात्र महासमागम का आयोजन किया गया जिसमें बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और बिहार के शिक्षा मंत्री विजय नारायण चौधरी भी शामिल हुए। 138 साल पुराने टीएनबी कॉलेज को को विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए भी मांगे तेज है।

बिहार के पांच मुख्यमंत्री कर चुके है पढाई

आपको बता दे कि भागलपुर के इस ऐतिहासिक कॉलेज से सूबे के मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद, जगन्नाथ मिश्रा, सतीश प्रसाद सिंह, दारोगा प्रसाद राय, सत्येंद्र नारायण सिन्हा और विधानसभा अध्यक्ष शिवचंद्र झा ने अपनी पढ़ाई पूरी की है। यह राज्य का एकमात्र ऐसा कॉलेज है जहाँ से इतने मुख्यमंत्री निकले है।

बिहार में शैक्षणिक माहौल बेहतर हो रहा

पूर्ववर्ती छात्र महासमागम में शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक में आधारभूत संरचना और शिक्षकों की कमी को सरकार दूर कर रही है। बिहार में शैक्षणिक माहौल बेहतर हो रहा है। सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। पूर्ववर्ती छात्र कॉलेजों के लिए संसाधन की तरह है। उन्होंने अपने भाषण में तिलकामांझी, विक्रमशिला, कर्ण, दिनकर को भी याद किया।

इस मौके पर बिहार विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डिजिटल और तकनीक के साथ बिहार के छात्र आगे बढ़ रहे हैं। हम जो आज कर रहे हैं उस पर आने वाली पीढ़ियां नाज करेंगी। बिहार के बच्चे इतिहास बदलने के लिए आतुर हैं। हमारे नौजवान शिक्षा के क्षेत्र में आगे आएं। उन्होंने कहा कि लखीसराय, भागलपुर, विक्रमशिला अपने अंदर कई इतिहास समेटे हुए हैं।

मिले विश्वविद्यालय का दर्जा

सांसद अजय मंडल ने कहा कि छात्र-छात्राओं का भविष्य इसी मंदिर में बनता है। इसे बेहतर करने की जरूरत है। इसमें सरकार, शिक्षक और छात्र तीनों को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से टीएनबी को विश्वविद्यालय की मान्यता दिलाने की मांग की।