पटना: अब टिकट के लिए नहीं करना होगा इंतजार, मेट्रो की तरह मशीन से ले पाएंगे टिकट

पूर्व मध्य रेलवे इन दिनों नए – नए तकनीकों को प्रयोग में ला रही है। इसी कड़ी में अब पूर्व मध्य रेलवे द्वारा मेट्रो के तर्ज पर ऑटोमैक्टिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाने का कवायद शुरू हो गया है। पूर्व मध्य रेलवे का कहना है कि इससे लोगों को जेनरल टिकट काटने के लिए लंबी कतार में इंतजार नहीं करना होगा।

पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस सुविधा को पटना जंक्शन पर शुरू किया जा रहा है जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पटना जंक्शन के महावीर मन्दिर साइड टिकट काउंटर और करबिगहिया छोर के टिकट काउंटर पर इन वेंडिंग मशीनों को रखा गया है. फिलहाल पांच टिकट वेंडिंग मशीन लाया गया है।

भारतीय रेलवे की तरफ से यात्रियों को एक कार्ड जारी किया जायेगा जिसके माध्यम से यात्री मशीन के जरिए टिकट ले सकेंगे। इस कार्ड को रिचार्ज करना होगा जिसके बाद यात्री महज एक से दो क्लिक में सामान्य टिकट ले सकते हैं।

अगर पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा तो जल्द ही आरा, बक्सर, पटना साहिब, मोकामा, राजगीर, नालंदा समेत अन्य बड़े स्टेशनों पर इसकी शुरुआत होगी। इन मशीनों को उन स्टेशनों पर प्राथमिकता के आधार पर लगाया जाएगा। जहां से अधिक संख्या में अनारक्षित टिकट की बिक्री होती है।