अच्छी खबर: पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बन रहा 100 बिस्तरों वाला कोविड अस्पताल, ICU की होगी व्यवस्था

बिहार में बढ़ते कोरोना मामले के बीच राज्य के अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन और दवा की कमी देखने को मिल रही है और यही वजह है की बिहार सरकार ने पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 100 बेड का अस्थाई अस्पताल का निर्माण शुरू करवाया है। बताया जा रहा है कि यह अस्पताल अगले दो से तीन दिनों में बनकर तैयार हो जायेगा जहाँ अस्पताल में ICU और ऑक्सीजन से लेकर दवाएं उपलब्ध रहेंगी।

अस्पताल में इस्तेमाल होने वाले सभी जरूरी उपकरण स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंच चुके हैं, दिन-रात चौबीसों घंटे लोग लगे हुए हैं. मिली जानकारी के अनुसार आने वाले 3-4 दिन के अंदर अस्पताल तैयार कर लिया जाएगा. अस्पताल में जिस तरह की सुविधाएं होती हैं वे सभी सुविधाएं यहां मरीजों को मिलेंगी. हर बेड पर ऑक्सीजन की व्यवस्था होगी।

अस्पताल में कोविड के मरीजों को रखने के साथ साथ उन्हें समय पर खाना खिलाने के लिए किचेन की भी व्यवस्था होगी, हालाँकि जैसे ही कोरोना का असर कम होगा इसे पुनः खेल परिसर के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगेगा। बता दे कि पिछले साल भी सरकार ने इस परिसर में अस्थाई अस्पताल का निर्माण किया था।