वैशाली: बरामद हुई सुप्रिया की साईकिल, भीड़ ने आरोपी को जमकर पीटा, कई थाने की पुलिस पहुंची

बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना अंतर्गत करनौती गांव में बीते दिनों नाबालिग छात्रा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इससे पहले भीड़ ने संदिग्‍ध को दबोचकर सड़क पर बुरी तरह पीटा। यही नहीं हाजीपुर के महनार थाने के इंचार्ज ने संदिग्‍ध को भीड़ से छुड़ाकर खुद को और उसे एक दुकान में बंद कर लिया तो हजारों की भीड़ घंटों वहां घेराव कर खड़ी रही।

image: Ankit Prakash (twitter)

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने समस्तीपुर बॉर्डर पर अब्दुल्ला चौक के निकट से मुख्य आरोपित को अपने कब्जे में ले लिया। इसी बीच मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने मुख्य आरोपित को अपने कब्जे में लेकर उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने जब आरोपित को बचाने का प्रयास किया तो लोगों ने पुलिस की भी पिटाई कर दी।

किसी तरह पुलिस ने आरोपित को बचाकर एक दुकान में बंद कर दिया है। दुकान के बाहर भारी संख्या में लोग जुटे हुए हैं और आरोपित के साथ मौके पर ही न्याय करने पर अड़े हुए हैं। उसे किसी तरह भीड़ से बचाने के लिए खुद एसपी मौके पर रवाना हो रहे हैं। भीड़ को शांत करने के लिए वैशाली के साथ ही समस्‍तीपुर के कई थानों की पुलिस को लगाया गया है। इस घटना को लेकर एक और बड़ी अपडेट सामने आई है जहाँ मृतक छात्रा का साइकिल बरामद घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर बरामद हुआ है।

image: Ankit Prakash (twitter)

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपित हत्या के मामले का संदिग्ध है उसका नाम दशरथ मांझी बताया जा रहा है। दावा यह भी किया जा रहा है कि ग्रामीणों ने ही उसे पकड़ा है।नाबालिग छात्रा की हत्या को लेकर यहां चार दिनों से बवाल मचा हुआ है। महनार एवं जंदाहा में रोज सड़क जाम कर लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।