बिहार के हर पंचायत में लगेंगे 150 सोलर लाइट, इन जगहों को दी जाएगी प्राथमिकता
बिहार का हर गांव अब शहर की तरह जल्द रोशन होने वाला है। गांव-गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कुल 41 कंपनियों ने रुचि ली है। जैसे ही बिहार में चुनाव का माहौल समाप्त होगा इस दिशा में काम तेज गति से आगे बढ़ेगी। सोलर स्ट्रीट लगाए जाने की योजना के तहत बिहार रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (ब्रेडा) ने इस बाबत एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट आमंत्रित किया था।
हर पंचायत में अधिकतम 150 लाइट
बताया गया है कि राज्य के हर पंचायत में अधिकतम 150 और हर वार्ड में अधिकतम दस सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जिन कंपनियों ने सोलर लाइट लगाने के काम में दिलचस्पी दिखाई है जल्द ही उनके फैक्ट्री का निरीक्षण कर देखा जाएगा कि वे इस स्थिति में हैं या नहीं कि सोलर स्ट्रीट लाइट के लिए सामग्री की आपूर्ति कर सकें।
बिहार में खोलना होगा दफ्तर
जिस एजेंसी को भी वार्डों में सोलर स्ट्रीट लगाने की जिम्मेदारी दी जाएगी, उन्हीं को इसका पांच वर्षों तक रख-रखाव भी करना होगा, ऐसे में एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट में जिन कंपनियों ने अपनी रुचि दिखाई है, उनके साथ यह शर्त भी थी कि उन्हें राज्य स्तर पर अपना एक दफ्तर भी खोलना है।
इन स्थानों पर लगेगा बल्ब
बिहार के सभी वार्ड में औसतन दस-दस एलईडी बल्ब लगाने हैं, वार्ड में दस के अलावा आवश्यकतानुसार ग्राम पंचायतों में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खेल के मैदान आदि जगहों पर भी बल्ब लगाए जाएंगे। साथ ही गांव का वह बड़ा खाली हिस्सा, जहां से लोग आते-जाते हैं, वहां भी बल्ब लगाए जाएंगे, ताकि रोशनी रहे।
इन सभी के अलावे भी पंचायतों के पास दस प्रतिशत बल्ब लगाने अतिरिक्त लगाने की अनुमति होगी, फ़िलहाल चल रहे सर्वे में बिजली के पोल चिह्नित किया जा रहा है जहां बल्ब लगाये जाने हैं। बड़े शहरों के स्तर पर गांव गांव को रोशन करने के इस योजना को कैबिनेट की स्वीकृति मिल चुकी है।

