बिहार: इस सवाल का जवाब देकर बेगूसराय के सौरभ ने KBC में जीते 25 लाख, मंच पर हुए भावुक
सोनी टीवी के बेहद ही लोकप्रिय शो कौन बनेगा करोड़पति में बिहार के रहने वाले सौरभ ने 25 लाख रुपये जीता है, गुरुवार को प्रसारित एपिसोड में उन्होंने 13वें सवाल का जवाब देकर यह राशि जीती जिसके बाद से सौरभ के परिवार और इलाके में ख़ुशी का माहौल है।
13 सवाल सही और जीत लिया 25 लाख
सौरभ बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले है, सौरभ के हॉट सीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठने की जानकारी मिलने पर बेगूसराय जिले के हजारों लोग समय से पहले टीवी खोल कर बैठे गये थे। सौरभ ने जैसे ही 13 वें सवाल का जवाब दिया टीवी के सामने बैठे बेगूसराय के लोग ख़ुशी से झूम उठे।
हालाँकि 14 वें प्रश्न पर उन्होंने खेल छोड़ दिया और इसी के साथ सौरभ ने इस टीवी शो के जरिए 25 लाख रुपये की इनामी राशि जीतने में सफल रहे। बिग बी ने उनके खाते में 25 लाख रूपए ट्रांसफर कर दिए।
यह था 13वां प्रश्न
अमिताभ बच्चन ने जब सवाल किया कि काजर की कोठरी और भूतनाथ उपन्यास के लेखक कौन हैं, तो सौरभ ही नहीं, बेगूसराय के लोगों ने भी सांसें थाम लीं, लेकिन सौरभ ने बगैर लाइफ लाइन का उपयोग किये जवाब दिया देवकीनंदन खत्री और यह जवाब सही होते ही बेगूसराय वासी झूम उठे हैं।
भावुक हुए अमिताभ
शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने जब सौरभ की अनकही कहानी सुनी तो वह भी आश्चर्य में पड़ गये. बेगूसराय जिला मुख्यालय के लोहिया नगर में चंद्रशेखर सिंह के घर दूसरे पुत्र के रूप में 18 फरवरी 1991 को पैदा हुए सौरभ की प्रारंभिक शिक्षा बेगूसराय में ही हुई है।
2005 में मैट्रिक और 2007 में इंटर करने के बाद कुमार सौरभ ने कोलकाता से बीटेक किया। इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद सौरभ ने प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी शुरू कर दिया और तीन साल पहले केनरा बैंक में दिल्ली में पीओ के पद पर चुने गये। सौरभ इस वक्त बैंक की नौकरी के साथ यूपीएससी की तैयारी भी कर रहे हैं।
पिता के नहीं होने का मलाल
दिल्ली मेट्रो में काम कर रहे अपने बड़े भाई कुमार वैभव से प्रेरित होकर सौरभ ने कौन बनेगा करोड़पति में भाग लिया और हॉट सीट तक पहुंचे, लेकिन कुमार सौरभ को मलाल है कि इस अविस्मरणीय क्षण को देखने के लिए उसके पिता घर में मौजूद नहीं हैं। सौरभ के पिता चंद्रशेखर सिंह सात साल पहले एक अप्रैल, 2014 को घर से सब्जी लाने के लिए निकले थे, लेकिन अब तक वह अपने घर नहीं लौटे हैं।

