बिहार के गाँव-गाँव में पहुंचेगा ATM वैन,आसान हो जाएगा काम जान लीजिए पैसे निकालने का तरीका
आसान हो जाएगा काम

ग्रामीण क्षेत्र में राह चलते अगर आपको किसी वैन पर मोबाइल एटीएम लिखा दिख जाए, तो आप यह नहीं समझें कि एटीएम का प्रचार वाहन है. बल्कि रुपए की जरूरत हो तो झट से अपना कार्ड घर से लेकर आएं और वैन में लगे मशीन में डालकर रुपए निकल लीजिए.
जी हां ! सहकारिता विभाग ने खास तौर से किसानों की असुविधाओं को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल एटीएम वैन चलाने की योजना लाई है. फिलहाल ट्रायल के तौर पर एक एटीएम वैन जारी किया गया है. आने वाले दिनों में इसे और बढ़ाने की योजना है|

किसान भाइयों को होगा अधिक लाभ
मोबाइल एटीएम वैन के जारी होने से सबसे अधिक फायदा किसानों को होगा. आमतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम की सुविधा नहीं होती है. इस कारण से हर किसी को प्रखंड मुख्यालय आकर ही बैंक या फिर एटीएम से रुपए निकालना पड़ता है. इसमें काफी परेशानी भी होती है.

इन कार्ड से निकाल सकते हैं पैसे
सहकारिता विभाग का मानना है कि जल्द ही जिले के सभी 10 प्रखंडों में इस तरह के वैन को चलाया जाएगा. कॉपरेटिव बैंक के इस मोबाइल एटीएम में कॉपरेटिव बैंक से निर्गत एटीएम कार्ड के साथ ही एसबीआई, सेंट्रल बैंक, पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य सभी बैंकों के एटीएम कार्ड से रुपए निकाले जा सकते हैं.|

अधिकारी कहते हैं
जिला सहकारिता पदाधिकारी शिव शंकर कुमार ने बताया कि सहकारिता विभाग के प्रयास से मोबाइल एटीएम की सुविधा दी गई है. यह एटीएम जिले के विभिन्न जगहों पर पहुंचेगी. इसमें सभी बैंकों का एटीएम कार्ड काम करेगा.
वे बताते हैं कि कंसेप्ट यह रखा गया था कि दूरदराज के इलाके खासकर ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को बैंक तक पहुंचने की परेशानी से मुक्त किया जाए. इसलिए मोबाइल एटीएम वैन चलाया गया है.

जिले के जिस इलाके में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध नहीं है, जहां एटीएम मशीन नहीं लगे हुए हैं, ऐसे सुदूर ग्रामीण इलाके तक यह मोबाइल एटीएम वैन पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में एक ही मोबाइल एटीएम वैन संचालित हो रहा है. जल्द ही सभी 10 प्रखंडों के लिए वैन उपलब्ध होंगे.

