210 करोड़ की लागत से औरंगाबाद, गया और बांका में बनेगी 7 नयी सड़कें, केंद्र सरकार से मिली मंजूरी

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने बिहार के औरंगाबाद, गया और बांका जिले में सात सड़कों को बनाने के लिए मंजूरी दे दी है, इसके लिए करीब 210.54 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 11 पैकेज में बनने वाले इन सडकों में औरंगाबाद में पांच, गया में तीन और बांका में तीन पैकेज शामिल है।

बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि वामपंथ उग्रवाद क्षेत्र में वैसे सड़क जो ग्रामीण विकास विभाग के अंदर आते हैं, उनको इंटरमीडिएट या दो लेन रोड में परिवर्तित किया जाता है। इन सड़कों के निर्माण से उन क्षेत्रों के आर्थिक विकास में सहायता मिलेगी, साथ ही सामाजिक विकास के लिए चलाये जा रहे विभिन्‍न योजनाओं को उन क्षेत्रों में पहुंचाने में मदद मिलेगी।

औरंगाबाद में पांच पैकेज में होगा निर्माण

औरंगाबाद जिले में करीब 91 करोड़ की लागत से पांच पैकेज ने सड़क का निर्माण होगा जिसकी कुल लंबाई 88 किमी होगी, एनएच-139, झारखंड बॉर्डर महाराजगंज से बालूगंज-बेधनी-देव-ओरा-सोकिया-बघोई रेलवे स्टेशन-देवहरा-बघोईगला-देवकुंड-बसातर-केयल-मेहेंदिया एनएच-98 और दाउदनगर एनएच-139 से हसपुरा तक पांच पैकेज में निर्माण कार्य होगा।

बांका में तीन पैकेज में निर्माण होगा

बांका जिले में तीन पैकेज के अंतर्गत 61 किमी की कुल लंबाई पर लगभग 80 करोड़ की राशि खर्च होगी। इसके तहत बांका जिले में बांका से संथाल परगना रोड की चौड़ाई बढ़ाई जायेगी. इस सड़क में जमदाहा-चिरैयामोड़ से जयपुर बाजार (बिहार बॉर्डर) तक दो पैकेज में निर्माण कार्य होगा. इसके साथ ही एक अन्य सड़क महगामा से धोरैया रोड वाया नवादा बाजार का भी निर्माण कार्य होगा।

गया में तीन पैकेज में निर्माण होगा

गया जिले में तीन पैकेज की कुल लंबाई 40 किमी होगी और इसके लिए करीब 39 करोड़ रुपये आवंटित किये जायेंगे। इसमें जेठियन से बलूआखंडा, इस्लामपुर से सरबाहडा-राजगीर रोड वाया चकराघाटी-बथानी-टेलारी-चरकमा का निर्माण शामिल है. इसके अलावा अतरी जेठियन रोड से सारेन वाया पुनार-करियट-मंझौली-बांदी रोड का निर्माण होगा. गया जिले में तीसरे पैकेज में बेला-रामपुर-कोरमाठु सड़क का निर्माण होगा।