बिहार में आज से धान की खरीद शुरू, इस रेट पर होगी खरीददारी, किसानों के लिए हेल्पलाइन जारी

बिहार में किसानों को लेकर एक बड़ी अपडेट है, बिहार सरकार की सहकारिता विभाग ने राज्य में वर्ष 2021-22 के लिए धान खरीदारी की शुरुआत कर दी है। आज सोमवार को सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह ने इसकी शुरुआत की है। इसके साथ ही किसानों के लिए एक कॉल सेण्टर भी शुरू किया गया जहाँ सातों दिन और 24 घंटे कॉल करके शिकायत और सहायता ली जा सकती है।

45 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य

आपको बता दे कि इस वर्ष के लिए राज्य सरकार ने कुल 45 लाख मीट्रिक टन धान खरीदारी का लक्ष्य रखा है जिसके लिए अब तक कुल चार लाख 79 हजार 248 किसानों ने धान बेचने में दिलचस्पी दिखाई है। धान की बिक्री के लिए सबसे अधिक नालंदा के 39 हजार 967 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन दिया है. वहीं, खगड़िया जिला से सबसे कम 940 किसानों ने आवेदन दिया है। 

रेट कार्ड जारी 

राज्य सरकार के तरफ से धान की खरीद को लेकर रेट कार्ड भी जारी कर दिया गया है, सामान्य धान की खरीद रेट 1,940 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जबकि ग्रेड ए धान का दर 1,960 रुपए प्रति क्विंटल होगा।

चरणबद्ध तरीके से होगी खरीददारी

इस बार धान की खरीदी का काम चरणबद्ध तरीके से कराया जायेगा। आज यानि सोमवार से कोसी और पूर्णिया में इसकी शुरुआत हो गई है वहीं 10 नवंबर से तिरुहुत दरभंगा और सारण प्रमंडल में धान अधिप्राप्ति का काम शुरू होगा। जबकि 15 नवंबर से बाकी के प्रमंडल के लिए धान अधिप्राप्ति का काम शुरू किया जाएगा।

टोल फ्री नंबर जारी

धान की बिक्री के दौरान किसानों को कई तरह की परेशानी आती है और इन्हीं परेशानियों को दूर करने के लिए बिहार सरकार ने सोमवार को कॉल सेंटर का शुभारंभ किया है। इस सेंटर का नंबर 1800-1800-110 है, धान खरीद में आने दिक्कतों को इस नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराया जा सकता है।

किसानों द्वारा कॉल सेंटर में कॉल करने के बाद एक टिकट नंबर भी दिया जाएगा और समस्या के समाधान के बाद उनसे इस बाबत जानकारी भी ली जाएगी।