छात्रों को मिलेगी अब एक क्लिक में पूरी जानकारी, पटना यूनिवर्सिटी की नई वेबसाइट लांच

बिहार के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्‍थानों में शुमार पटना विश्वविद्यालय ने अपनी नई वेबसाइट लांच कर दी है, विश्वविद्यालय से जुड़ी हर तरह की जानकारी और सूचनाएं अब नई वेबसाइट पर मिलेंगी। बीते दिनों पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. गिरीश कुमार चौधरी ने इस वेबसाइट को लांच किया। नई वेबसाइट का पता https://pup.ac.in/ है।

लांच के दौरान कुलपति ने कहा कि नई वेबसाइट यूजर्स की सुविधाओं को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। यह नेविगेट करने में आसान और उपयोग में सहज है। डीएसडब्ल्यू प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग, संस्थान और कालेज अपनी सामग्री का प्रबंधन और अपडेट कर सकते हैं। मौके पर प्रतिकुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह, आइटी सेल प्रभारी प्रो. बीरेंद्र कुमार, कुलसचिव कर्नल कामेश कुमार आदि मौजूद थे।

मिली जानकारी के अनुसार आने वाले 2 से 3 महीने में विश्वविद्यालय  (University) के सभी छात्रों का प्रोफाइल वेबसाइट पर अपडेट किया जाएगा. इसके लिए  छात्रों की आईडी बनाई जा रही है, विश्वविद्यालय के सभी नए इंफॉर्मेशन आसानी से इस वेबसाइट के माध्यम से देखा जा सकेगा।

बता दे कि नई वेबसाइट के लांच हो जाने से छात्रों को काफी सहूलियत मिलने वाली है, पहले वेबसाइट पर सर्च करने में काफी कठिनाई होती थी। नई वेबसाइट पूरी तरह से डायनामिक है और वेबसाइट में कवर पेज पर सारे इंफॉर्मेशन है।