इस महीने से राजधानी पटना में मिलेगी पाइपलाइन से रसोई गैस, जानिये किस इलाके से होगी शुरुआत
बिहार की राजधानी पटना में बहुत ही जल्द आपके रसोई घर तक गैस पाइपलाइन से गैस पहुंचने लगेगी, जी हाँ अपने सही पढ़ा। राज्य सरकार ने गेल कंपनी को गांधी मैदान (सुभाष पार्क) के पास मदर स्टेशन बनाने के लिए जमीन मुहैया करा दी है।
इन इलाकों में सबसे पहले पहुंचेगी गैस
ऐसे में गाँधी मैदान के आसपास के इलाके बाकरगंज, दलदली, सालिमपुर अहरा, एक्जीबिशन रोड, फ्रेजर रोड अदि में अगले चार महीने के भीतर ही पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा लोगों के घरों और अपार्टमेंट तक पहुंच जायेगी। जल्द ही स्टेशन बनाने का काम शुरू हो जायेगा, गाँधी मैदान के इलाकों में पीएनजी सेवा मुहैया कराने के बाद कंकड़बाग और राजेंद्र नगर इलाके में भी यह सुविधा जल्द होगी।
अपार्टमेंट के अलावा घरों और होटलों में भी कनेक्शन
गेल इंडिया के महाप्रबंधक एके सिन्हा ने बताया कि नये इलाके में अब अपार्टमेंट के अलावा घरों में कनेक्शन दिया जायेगा. साथ ही इन इलाकों के होटलों में भी पीएनजी की सप्लाइ की जायेगी. होटलों में पीएनजी सप्लाइ को लेकर होटल एसोसिएशन और सरकार के साथ कई बैठकें हो चुकी हैं। सरकार से आदेश मिलते ही पीएनजी की सप्लाइ होटलों में शुरू हो जायेगी।
एलपीजी के मुकाबले काफी सस्ती
पीएनजी की सेवा में बढ़ोतरी का एक कारण एलपीजी सिलिंडर के मुकाबले सस्ता होना है. इस समय एलपीजी की कीमत 983 रुपये (14.2 किलो) प्रति सिलेंडर है. जबकि पीएनजी की एक एससीएम (एक यूनिट) का खर्च लगभग 31.10 रुपया है. इसे किलोग्राम में देखा जाये, तो 14.2 किलो की कीमत करीब 512 रुपये है।
पीएनजी ग्राहकों को हर माह के बदले हर दो माह बाद पेमेंट करना होता है। ज्ञात हो कि पटना में पाइप से घरों में घरेलू गैस की सप्लाइ 18 फरवरी, 2019 शुरू हुई थी. प्रधानमंत्री ने इस सेवा का उद्घाटन किया था।

