मात्र छह घंटे में पहुंच सकेंगे पटना से दिल्ली, जानिए कब तक पूरा होगा फोरलेन NH का काम

बिहार की राजधानी पटना से दिल्ली का सफर अब बहुत ही जल्द आपके लिए कुछ घंटो का होने वाला है, जी हाँ। सही सुन रहे है आप। राज्य में पटना-बक्सर फोरलेन और बक्सर-हैदरिया फोरलेन सड़क बनाने का काम 2023 तक पूरा हो जायेगा जिसके बाद टना-आरा-बक्सर-भरौली- हैदरिया होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिये लखनऊ-आगरा-नोएडा और दिल्ली जाना आसान होगा।

मात्र छह घंटे में पटना से दिल्ली

पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से पटना के कनेक्शन के बाद पटना से मात्र 6 घंटे में दिल्ली पंहुचा जा सकेगा, केंद्र सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी पिछले दिनों लोकसभा में सांसद व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के एक प्रश्न के उत्तर में कहा था कि अगले दो साल में यह काम पूरा हो जायेगा और दिल्ली से पटना छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा।

क्षेत्र का होगा विकास 

बता दे कि आवागमन की व्यवस्था सुदृढ़ होने से काफी मायनों में राज्य को फायदा होगा, साथ ही सड़क के आसपास के इलाकों को सामाजिक और आर्थिक रूप से विकसित होने में भी मदद मिलेगी। चाहे कृषि क्षेत्र हो या वाणिज्य या पर्यटन हर तरफ विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मिली जानकारी के मुताबिक बक्सर से हैदरिया तक करीब 17 किमी की लंबाई में फोरलेन एनएच बनाने को लेकर केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है  और फिलहाल सड़क के लिए डीपीआर बनाने का काम जारी है।

तेजी से चल रहा है फोरलेन एनएच का निर्माण

नये साल की शुरुआत में सड़क बनाने का काम शुरू हो जायेगा और हैदरिया में यह सड़क निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगी। ये भी बता दे कि पटना से बक्सर तक करीब 125 किमी की लंबाई में फोरलेन एनएच का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पटना से बक्सर फोरलेन का निर्माण तेजी से चल रहा है।  इसके साथ ही बक्सर से हैदरिया केवल 17 किमी लंबाई में फोरलेन बनाना है. इन दोनों सड़कों का निर्माण अगले दो साल में पूरा हो जायेगा. इससे पटना से दिल्ली छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा।