बदली-बदली दिखेगी स्मार्ट सिटी पटना, राजधानी में इन 10 जगहों पर बनेगा आईपीटी स्टैंड
स्मार्ट सिटी और बिहार की राजधानी पटना अब बहुत ही जल्द बदली बदली सी नज़र आने वाली है, शहर को अब सीसीटीवी और वाई-फाई से लैस किया जा रहा है, यात्रियों को बैठने के लिए जगह ऑटो, बस, रिक्शा पड़ाव बनाने की कवायत शुरू हो गई है।
शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए पटना के अलग अलग जगहों पर 10 इंटरमीडिएट पब्लिक ट्रांसपोर्ट (आईपीटी) स्टैंड का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस कार्य को इसी साल के अगस्त महीने तक तैयार कर लिया जायेगा। पटना स्मार्ट सिटी मिशन अंतर्गत बन रहे आईपीटी स्टैंड पर स्टेनलेस स्टील के डस्टबिन, सार्वजनिक बस के आवागमन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विशेष डिस्प्ले बोर्ड, विज्ञापन के लिए एलईडी स्क्रीन आदि होंगे।
इन जगहों पर बनेंगे आईपीटी स्टैंड
बड़े बसों के अलावे भी राजधानी में बड़े पैमाने पर ऑटो, रिक्शा, ई-रिक्शा, वैन, मिनी बस, सिटी बस आदि चलते है और ये सभी मध्यवर्ती सार्वजनिक परिवहन (आईपीटी) की श्रेणी में आते हैं। शहर के एक हिस्से को दूसरे हिस्से से जोड़ने वाले अथवा शहर के एक हिस्से को परिवहन के मुख्य साधन जैसे रेलवे, बस, जहाज, हवाई जहाज, मेट्रो आदि से जोड़ने वाले वाहन मध्यवर्ती सार्वजनिक परिवहन (आईपीटी) कहे जाते हैं।
- जीपीओ गोलंबर (आर-ब्लॉक ब्रिज के नीचे)
- चिरैयाटांड ब्रिज (पिलर संख्या 43 के पास)
- बिहार इंटरमीडिएट काउंसिल-1
- बिहार इंटरमीडिएट काउंसिल-2
- तारामंडल
- गार्डिनर रोड अस्पताल (वीरचंद पटेल पथ पर)
- बांस घाट
- डीएम आवास (पीर अली पार्क के पास)
- गांधी मैदान गेट संख्या 5
- जमाल रोड (पिलर संख्या 22 के पास)


