बदल सकता है पटना-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का रूट, जानिए क्या हो सकता है नया रूट

पटना से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव होने की बात की जा रही है, जी हाँ अब बिहार से बनारस की यात्रा आसान हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो पटना से वाराणसी जाने के लिए आपके पास राजधानी एक्सप्रेस के रूप में एक और नया विकल्प मिल जायेगा।

वर्तमान में पटना दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12309/12310 राजेंद्र नगर टर्मिनल- नई दिल्ली – राजेंद्र नगर टर्मिनल राजधानी एक्सप्रेस पंडित दीन दयाल उपाध्याय(डीडीयू) जंक्शन से प्रयागराज होकर दिल्ली जाती है। लेकिन बताया जा रहा है कि इसे डीडीयू से वाराणसी होकर प्रयागराज ले जाने की तैयारी है।

राजधानी एक्सप्रेस के रूट को चेंज किये जाने को लेकर अभी किसी भी तरह की आधाकारिक पुष्टि रेलवे ने नहीं की है, रेल ट्रैकर की वेबसाइट पर इसकी जानकारी साझा की गई है और कहा गया है कि जल्द ही ये राजधानी एक्सप्रेस वाराणसी होकर चलायी जा सकती है। बताया जा रहा है कि बदले हुए समय रूट में इसके दिल्ली पहुंचने के समय में या दिल्ली से खुलने के समय में कोई बदलाव नहीं होगा।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अगर नए रूट को सहमति मिलती है तो नये शेड्यूल में वाराणसी स्टॉपेज जुड़ेगा। गौरतलब है कि राजेंद्रनगर-दिल्ली के बीच रोजाना चलने वाली इस ट्रेन का ठहराव अभी पटना जंक्शन, दीन दयाल उपाध्याय(डीडीयू) जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर है. अब वाराणसी स्टेशन पर भी इस ट्रेन का स्टॉपेज दिया जा सकता है।