बिहार के हर शहर में बनेगी जैविक खाद, सरकार ने बनाई है ये योजना, इन शहरों में प्रयोग शुरू
बिहार में शहरों से निकलने वाले कचरे से जैविक खाद बनाने के लिए सभी शहरी निकायों के अफसरों को निर्देश दिया गया है, इन जैविक खाद व कंपोस्ट का इस्तेमाल खेती-किसानी के लिए किया जाएगा। नगर विकास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कचरे की प्रोसेसिंग को लेकर निकायों में नई योजना बनाने के साथ ही पुरानी निकायों में संचालित योजनाओं की भी समीक्षा होगी, ताकि उनकी कमियों को दूर किया जा सके।
कई शहरों में काम शुरू
मिली जानकारी के मुताबिक बिहार के सभी शहरों में जैविक खाद बनाने की योजना है, इसी क्रम में प्रयोग शुरू भी कर दिया है। सहरसा व सुपौल जिले में न सिर्फ जैविक कचरे की प्रोसेसिंग हो रही है, बल्कि उनसे तैयार खाद को खुले बाजार में बेचा भी जा रहा है।
मुजफ्फरपुर और गया नगर निगम में भी जैविक कचरे से अच्छी गुणवत्ता का कंपोस्ट बनाने का प्रयोग सफल रहा है, अन्य शहरों में भी बहुत ही जल्द कचरे से खाद या कंपोस्ट निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा।
राजधानी में 20 जगहों पर लगेगा मशीन
राजधानी पटना की बात करें तो जैविक कचरे से खाद बनाने के लिए 20 जगहों पर अलग-अलग क्षमता की मशीन लगाए जाने की योजना है, चयनित एजेंसी होटल, रेस्तरां, पार्क, वन क्षेत्र आदि जगहों पर से कचरा जमा करेगी और प्रोसेसिंग कर खाद बनाने का काम करेगी। आपको बता दे कि आने वाले समय में पटना में गीले कचरे से सीएनजी बनाने की भी योजना है।

