CM नितीश के ड्रीम प्रोजेक्ट को केंद्र की मंजूरी, 1300 करोड़ की लागत से राजगीर में बनेगा एलिवेटेड रोड
अंतरास्ट्रीय स्तर पर पर्यटन के लिए विख्यात राजगीर शहर के लिए ये काफी अच्छी खबर है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक राजगीर में बनने वाले एलिवेटेड कॉरीडोर का सपना जल्द साकार होता हुआ नजर आएगा।
इस प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। ऐसे में बहुत ही जल्द राजगीर में एक लंबे एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। इसे पूरा करने के लिए 30 महीने का लक्ष्य रखा गया है।
एलिवेटेड कारीडोर से दिखेगा खूबसूरत नजारा
13 सौ करोड़ की लागत से बनने वाले इस कॉरीडोर की कुल लंबाई 8.7 किलोमीटर होगी, केंद्र सरकार के परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी है। इस एलिवेटेड कारीडोर रोड पर रोप-वे के पास उतरने और चढ़ने के लिए रैंप भी बनेगा। राजगीर वनक्षेत्र से गुजरने वाले इस एलिवेटेड रोड से हरे-भरे जंगलों का नजारा भी लोग ले सकेंगे।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन नगरी राजगीर में इस फोर लेन एलिवेटेड कारीडोर के निर्माण के बाद राजगीर को पर्यटन सीजन में जाम से निजात तो मिलेगी ही, साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस एलिवेटेड कारीडोर रोड में अनेक टूरिस्ट स्पाट को भी विकसित किया जायेगा।
बता दे कि इन दिनों पर्यटन सीजन की वजह से रोप वे तथा नेचर सफारी स्थित ग्लास स्काई वाक ब्रिज को लेकर पर्यटकों की भीड़-भाड़ चरम पर है। राजगीर-बिहारशरीफ मार्ग स्थित बस स्टैंड, कुंड रोड तथा जय प्रकाश उद्यान सड़क मार्ग तक जाम का नजारा देखने को मिलता है।
यहाँ होगा निर्माण
8.7 किलोमीटर लंबी इस एलिवेटेड कारीडोर का निर्माण राजगीर के दक्षिणी दिशा में नवादा तथा नालन्दा जिला के सीमा रेखा से सटे बाणगंगा पुल तथा उत्तर दिशा में राजगीर-बिहार शरीफ मार्ग स्थित अनुमंडल मुख्यालय के बीच होगा। इस प्रोजेक्ट को लेकर पथ निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर भारत सरकार की अनुमति मिल गई है।
हालाँकि अभी भी बिहार सरकार को पुरातत्व विभाग तथा राज्य वाइल्ड लाइफ बोर्ड से सहमति मिलनी बाकी है, जैसे ही इन सभी विभागों इस परियोजना को हरी झंडी मिलेगी इसका निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा।
ये एलिवेटेड कारीडोर रोड गया, राजगीर और बिहारशरीफ राजमार्ग का हिस्सा होगा। बताया जाता है कि राजगीर के एलिवेटेड रोड कारीडोर रोड के नीचे से अंडरपास फोर लेन वाली हाईवे भी गुजरेगा। कुल 8.7 किलोमीटर कारीडोर में एलिवेटेड हिस्से की लंबाई 7.40 किलोमीटर होगी।

