पटना वीमेंस कॉलेज में जीन्स-टॉप पर बैन, अपनी मर्जी के कपड़े पहनने पर रोक, नया ड्रेस कोड जारी
राजधानी पटना में स्थित बिहार के प्रतिष्ठित महिला कॉलेजों में शुमार पटना वीमेंस कॉलेज ने एक बार फिर अपना फरमान जारी किया है, अब पटना विमेंस कॉलेज की छात्राएं अपनी मन मुताबिक ड्रेस नहीं पहन सकती है। छात्राओं को कॉलेज प्रबंधन के अनुसार ड्रेस पहनकर जाना अनिवार्य होगा।
मन मर्जी ड्रेस पर रोक
पटना वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सिस्टर एम रश्मि ने नोटिस जारी करते हुए आदेश दिया है कि अब छात्राओं को सलवार, कमीज और दुपट्टा लगाकर ही कॉलेज आना होगा, वहीं छूट ये दी गई है कि छात्राएं इसके अलावा लेगिंग्स और प्लाजो भी पहनकर कॉलेज आ सकती हैं।
ये है नया ड्रेस कोड
प्राचार्य के आदेश के मुताबिक सेमेस्टर 1 और 2 की छात्राओं को सोमवार और बुधवार को सलवार, कमीज और दुपट्टा लगाकर आना होगा। जबकि सेमेस्टर 3 और 4 की छात्राओं को मंगलवार और गुरुवार को ड्रेस कोड का पालन करना होगा, जबकि सेमेस्टर 5 और 6 की छात्राओं के लिए बुधवार और शुक्रवार को सलवार, कमीज और दुपट्टा पहनना अनिवार्य होगा।
आपको बता दे कि इससे पहले भागलपुर सुंदरवती महिला कॉलेज में खुले बाल और ड्रेस कोड को लेकर नोटिस जारी किया गया था, जिसका छात्राओं ने जमकर विरोध किया था ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना होगा की पटना विमेंस कॉलेज में इस फैसले के बाद छात्राओं का कैसा रुख रहता है। मालूम हो कि पटना वीमेंस कॉलेज हमेशा अनुशासन और कड़ाई को लेकर सुर्खियों में रहता है।

