Mushroom Health Benefits: सेहत के लिए ‘रामबाण’ होते हैं मशरूम, जानें ये कमाल के फायदे

Mushroom Health Benefits

मशरूम को भारत में कई जगहों पर कुकुरमुत्ता के नाम से भी जाना जाता है। आजकल यह बाजारों में आसानी से मिल जाता है। यह एक ऐसी सब्जी है, जो शाकाहारी और मांसाहारी दोनों ही तरह के लोगों को पसंद आती है।

स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है।इसमें विटामिन्स, मिनरल्स और अमीनो एसिड जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। यही कारण है कि मशरूम को सेहत के लिए ‘रामबाण’ माना जाता है।

कई लोग ऐसे भी हैं जो इसके बेहतरीन स्वाद के लिए इसे खाना तो बहुत पसंद करते हैं लेकिन शायद ही इससे होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।

आइए जान लेते हैं शरीर को इससे होने वाले फायदों के बारे में..

Mushroom is considered a panacea for health
मशरूम को सेहत के लिए ‘रामबाण’ माना जाता है

रोग-प्रतिरोधक क्षमता के लिए

मशरूम का सेवन इम्यूनिटी को मजबूत बनाता है। इसे एक नैचुरल एंटीबायोटिक माना जाता है, जो माइक्रोबियल और अन्य फंगल संक्रमण को भी ठीक करता है। इसमें पाए जाने वाले गुण शरीर की कोशिकाओं की मरम्मत का काम भी करते हैं।

दिल की सेहत के लिए

मशरूम का सेवन दिल की सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। इसमें हाई न्यूट्रिएंट्स और कई तरह के एंजाइम्स पाए जाते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। यदि कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण में रहता है तो हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।

डायबिटीज

डायबिटीज के मरीजों के लिए मशरूम को बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होता है, साथ ही इसमें कार्बोहाइड्रेट और शुगर भी नहीं होती है। यह शरीर में इंसुलिन के निर्माण में भी मदद करता है।

पेट की समस्याओं के लिए

मशरूम का सेवन पेट की समस्याओं, जैसे कब्ज, अपच आदि से भी राहत दिला सकता है। इसके अलावा यह खून में हीमोग्लोबिन के स्तर को भी बनाए रखता है क्योंकि इसमें भरपूर मात्रा में फोलिक एसिड और आयरन पाया जाता है।

मजबूत हड्डियों के लिए

मशरूम खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं क्योंकि इसे विटामिन डी का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। रोजाना मशरूम का सेवन करने से शरीर में विटामिन डी की कमी नहीं होती है।

एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर

सेहत के साथ-साथ यह त्वचा के लिए भी फायदेमंद है। मशरूम एंटी-एजिंग गुणों से भरपूर होता है जो चेहरे पर बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने में मदद करता है।