Bihar Monsoon: समय से एक दिन पहले बिहार से मानसून, इन जिलों में हुई झमाझम बारिश; मौसम विभाग ने जारी किया अपडेट
Monsoon Reached Bihar: बिहार में मानसून ने दस्तक दे दिया दिया, वैसे तो बिहार में मानसून के आने की तारीख 13 जून है लेकिन इस बार एक दिन पूर्व ही राज्य में मानसून की एंट्री हो गई है। मानसून के आने से राज्य के कुछ जिलों में झमाझम बारिश भी हुई है साथ ही आगे के मौसम को लेकर विभाग के तरफ से कई अपडेट भी जारी किए गए है।
आपको बता दे कि इस साल मानसून अपने समय से देरी से चल रहा था, केरल जहाँ भारत में सबसे पहले मानसून की फुहार पड़ती है वहाँ भी मानसून करीब छह दिन लेट पंहुचा लेकिन बिहार में इस तरह से एक दिन पहले ही मानसून की आमद से सभी हैरान है।
बिहार में एक दिन पहले पंहुचा मानसून
बिहार में मॉनसून का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले पूर्णिया जिले के टेंग्राघाट में बारिश की पहली फुहार पड़ी जिसके बाद बादल ने अपना रुख बदला और कटिहार, अररिया और किशनगंज के हिस्सों में जाकर बरसे। इन जिलों के कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज हुई।
भागलपुर जिले के भी कुछ क्षेत्रों में बारिश देखी गई साथ ही अन्य जिलों में भी बादल छाए रहे, आइएमडी पटना के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आशीष कुमार ने बताया कि बिहार में मॉनसून का आगाज हो चुका है।

इन जिलों में झमाझम बारिश
पूर्णिया जिले के टेंग्राघाट जहाँ मानसून ने सबसे पहले जोरदार दस्तक दी है यहां भारी बारिश 105.2 मिलीमीटर दर्ज की गयी है, कटिहार जिले के बलरामपुर में 57.2, अररिया जिले के सिकटी में 56.4 और भागलपुर जिले के सोनहौला में 50.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है। किशनगंज, बांका और सुपौल के कई क्षेत्रों में भी मॉनसूनी बारिश दर्ज की गयी है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
फिलहाल मानसून उत्तरी सीमा रत्नीगिरी से होते हुए फारबिसगंज से होते हुए गुजर रही है और आने वाले दिनों में राज्य के अन्य भाग में इसका असर देखने को मिलेगा। मॉनसून आने से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ गयी है, मौसम विभाग के तरफ से ठनका और आंधी/ चक्रवाती हवा चलने की संभावना जताई गई है।
पटना सहित आठ जिलों में प्रचंड गर्मी रही
एक तरफ जहाँ सीमांचल में मानसून के आने से गर्मी से लोगों को राहत मिली तो दूसरी तरफ पटना सहित आठ जिलों में प्रचंड गर्मी रही, पछुआ और पुरवा हवाओं के मेल से पटना में पसीने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। पटना के अलावा शेखपुरा, भोजपुर, नवादा, नालंदा के हरनौत में, सीवान के जीरादेई में हीट वेव की स्थिति रही। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में भीषण उष्ण लहर की स्थिति रही। बिहार में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस भोजपुर में दर्ज किया गया है।

