बिहार: कुंड में अचानक बढ़ा पानी का स्तर, लहरों में फंसे पिकनिक मनाने गए दो युवक

बिहार के रोहतास जिले के मुख्यालय सासाराम से आठ किलोमीटर की दूरी पर है मंझार कुंड जहाँ सैकड़ों लोग घूमने के लिए आते है और यह एक पिकनिक स्पॉट भी है। इसी स्पॉट पर दो युवक पिकनिक मनाने पहुंचते थे लेकिन मांझर कुंड में रविवार को अचानक बाढ़ आ गई और दोनों बीच में फंस गए। पुलिस दल और ग्रामीणों की मदद से दोनों ही युवकों का रेस्क्यू किया गया और दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक दोनों ही युवक अलग अलग जगहों से वहां पहुंचे थे, एक युवक औरंगाबाद जिले तथा दूसरा बक्सर जिले का रहने वाला है। दोनों युवक जल प्रपात में स्नान कर रहे थे। तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और जल प्रवाह तेज हो गया। वहां मौजूद अन्य लोग समय रहते कुंड से बाहर निकल गए लेकिन दोनों युवक जल प्रपात के बीच एक पत्थर पर फंसे रह गए।

दरिगांव के थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि  पिकनिक मनाने पहुंचे अन्य लोगों ने रस्सी के सहारे उनको बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद दोनों युवकों को जलधारा से बाहर निकालने में सफलता मिली।