राजधानी पटना में मात्र 15 रुपये में मिल रहा है भरपेट भोजन, जानें कहां शुरू हुई यह व्यवस्था, मेनू देखिए

बिहार की राजधानी पटना में अब गरीब, मजदूरों और सफाईकर्मियों को अब पैसों के अभाव के चलते अब भूखा नहीं रहना पड़ेगा, जी हाँ आपने सही सुना इन लोगों के लिए मात्र 15 रुपये में भरपेट भोजन की व्यवस्था शुरू की गई है। इसके साथ ही उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। पटना नगर निगम और भामाशाह फाउंडेशन ने मिलकर इस योजना का शुभारंभ किया है।

मंगलवार को पटना के गाय घाट स्थित नवनिर्मित रैन बसेरा से महापौर सीता साहू एवं अपर नगर आयुक्त योजना एवं सफाई और स्थायी समिति के सदस्यों ने इसका विधिवत उद्घाटन किया, इस दौरान मेयर सीता साहू ने कहा कि सफाई मजदूर, रिक्शा ठेला चालक सहित कई ऐसे दैनिक कर्मी हैं, जिनको इस योजना से लाभ होगा। बेहद ही कम पैसों में गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था की गई है जिसके तहत मात्र 15 रुपये में लोग भोजन कर पाएंगे।

मेनू समझिए

भोजन को दो अलग अलग मेनू दिया गया है रात के लिए अलग और दिन के लिए अलग हालाँकि दोनों की कीमत 15 रुपय ही रखी गई है,  दिन में जहां चावल, दाल, सब्जी, भुजिया और अचार दिया जाएगा, वहीं रात में 15 रुपए में 5 रोटी, दाल, सब्जी, भुजिया और अचार दिया जाएगा।

अन्य स्थानों पर भी जल्द शुरू होगा 

गाय घाट स्थित रैन बसेरा से इसकी शुरुआत की गई है लेकिन बहुत ही जल्द इस योजन को शहर के 20 विभिन्न इलाकों में शुरू किया जायेगा। संस्था ने इसके लिए जगह का चुनाव भी कर लिया है अनुमति मिलते है इसकी शुरुआत हो जाएगी। चयनित स्थानों में पटना नगर निगम के मौर्या लोक कॉम्प्लेक्स, राजेंद्र नगर टर्मिनल, बस स्टैंड एवं गांधी मैदान के साथ शहर के कई प्रमुख हिस्सों को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पटना नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ( योजना ) देवेन्द्र प्रसाद तिवारी, कार्यपालक पदाधिकारी अजीमाबाद राकेश कुमार एवं स्थायी समिति के सदस्य इंद्रदीप कुमार चंद्रवंशी, मुन्ना जायसवाल, किरण मेहता, अरुण शर्मा समेत अन्य माननीय पार्षद मौजूद रहे।