बिहार: आरा के अर्णव को JEE एडवांस्ड में 9वां रैंक, पिछले साल जीता था गोल्ड, गांव में हर्ष

इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला के लिए देशभर में सबसे चर्चित परीक्षा JEE एडवांस्ड 2021 में बिहार के रहने वाले अर्णव आदित्य सिंह ने पूरे देश में 9वां रैंक हासिल किया है। आदित्य के इस रैंक से पुरे परिवार में ख़ुशी का माहौल है, चारों तरफ से उन्हें बधाई संदेश मिल रही है।

गांव में खुशी का माहौल

बता दे की शुक्रवार को IIT खड़गपुर ने JEE एडवांस्ड 2021 की प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ईश्वरपुरा गांव में खुशी की लहर दौर गई। गांव के सियाराम सिंह के पुत्र अर्णव ने इस एंट्रेंस परीक्षा में काफी अच्छा रैंक हासिल किया है।

अर्णव के पिता सियाराम सिंह भी कंप्यूटर इंजीनियर हैं, उन्होंने बताया- ‘बेंगलुरु में जॉब करते थे, लेकिन बेटे की फिजिक्स व केमिस्ट्री की पढ़ाई के लिए सपरिवार कोटा शिफ्ट हो गए। उसने वहीं से एक निजी कोचिंग संस्थान से परीक्षा की तैयारी की।’

अर्णव के परिजन बताते है कि वह बचपन से ही पढ़ने में काफी तेज था और वैज्ञानिक बनना चाहता है। इसके लिए वह बहुत मेहनत करता है। दादा ने बताया- ‘अर्णव की पूरी पढ़ाई बेंगलुरु से ही हुई है। उसका जन्म चेन्नई में हुआ था। उस समय उनके पिता वहीं रहते थे।’

पिछले साल जीता था गोल्ड मेडल

अर्णव के दादा राजनाथ सिंह ने बताया कि ‘कतर के दोहा में 2019 में आयोजित 16वें इंटरनेशनल साइंस ओलंपियाड में अर्णव ने गोल्ड मेडल जीता था। उस दौरान 55 देशों के 322 छात्रों ने उस ओलिंपियाड में भाग लिया था, जिसमें अर्णव को गोल्ड मिला था। इंटरनेशनल जूनियर साइंस ओलिंपियाड के 16 साल के इतिहास में पहली बार भारत के सभी 6 छात्रों को गोल्ड मेडल हासिल हुआ था।’