गया से दिल्ली के लिए शुरू हुई इंडिगो की फ्लाइट सेवा, सप्ताह में 3 दिन मिलेगी यह सुविधा
बिहार के गया से दिल्ली के लिए इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी हवाई सेवा शुरू कर दिया है, आज 16 अक्टूबर से शुरू हो रहे इस सेवा का सप्ताह में तीन दिन यात्री लाभ उठा सकते है। इंडिगो एयरलाइंस के विमान सप्ताह में तीन दिन, मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को गया से दिल्ली और दिल्ली से गया के लिए उड़ान भरेंगे।
दिल्ली की यात्रा होगी आसान
मालूम हो कि बिहार में धीरे धीरे हवाई उड़ानों का ग्राफ बढ़ते ही जा रहा है, उधर उत्तर बिहार में बना दरभंगा एयरपोर्ट आये दिन हवाई रिकॉर्ड स्थापित करते आ रहा है ऐसे में गया से दिल्ली के लिए शुरू हुए इस विमान सेवा से यात्रियों की सुविधा बढ़ जाएगी और यात्रा आसान हो जाएगी।
बता दें कि इंडिगो एयरलाइंस की सेवा गया से कोलकाता के लिए पहले से ही जारी है, गया से सप्ताह के चार दिन फ्लाइट कोलकाता के लिए रवाना होती है। गया से दिल्ली व कोलकाता के लिए विमान सेवा बहाल हो जाने से मगध प्रक्षेत्र के साथ ही झारखंड के सीमावर्ती जिलों के यात्रियों को यात्रा में सहूलियत होगी। गया से दिल्ली व वाराणसी के लिए एयर इंडिया के विमान भी सप्ताह में चार दिन अपनी सेवा दे रहे हैं।
पर्यटकों के लिए सौगात
गौरतलब है कि बोधगया के पर्यटन सीजन यानी अक्तूबर से मार्च तक थाईलैंड, म्यांमार व भूटान से नियमित यात्री विमानों की आवाजाही होती है और वियतनाम व अन्य देशों से चार्टर्ड फ्लाइट से भी बौद्ध श्रद्धालु व सैलानी बोधगया पहुंचते हैं, अब जब इंडिगो भी अपनी उड़ान सेवाएं बढ़ा रहा है तो यात्रियों के लिए यह एक त्योहारी मौसम में बड़ा सौगात माना जा सकता है।

