ट्रू कॉलर को टक्कर देने आ गया पटना के प्रज्ज्वल का भारत कॉलर एप, 15 दिन में ही मिले लाखों यूजर्स

जिस ट्रू कॉलर एप (TrueCaller App) को इनस्टॉल करने के बाद आप बड़े ठाठ से किसी नंबर को बिना सेव किए भी पहचान लेते है उसे टक्कर देने के लिए पटना के प्रज्ज्वल सिन्हा (Prajjawal Sinha) ने अपने आईडिया को विस्तार दिया और भारत कॉलर एप (Bharat Caller App) बना दिया। देखते ही देखते महज 15 दिनों में ही इस प्लेटफार्म पर लगभग 170000 से भी ज्यादा लोग जुड़ चुके है।

ट्रूकॉलर का विकल्प

प्रज्जवल सिन्हा (Prajjawal Sinha) ने बताया कि यह ऐप देश में ट्रूकॉलर का विकल्प बन सकता है। यह एकदम सुरक्षित है, इसमें आपके कॉल रिकॉर्ड्स, मैसेजस या कॉन्टैक्ट्स की डिटेल इसे बनाने वाले एंटरप्रेन्योर कंपनी किकहेड सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड के पास नहीं है। इस ऐप को गूगल प्लेस्टोर और IOS एप स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।

प्रज्जवल पटना के जक्कनपुर इलाके के रहने वाले है, शुरूआती पढाई DAV Public School, BSEB कॉलोनी से की है और IIM बैंगलोर से मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुके हैं। उनके पिता ज्योति कुमार सिन्हा सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी हैं। विद्यार्थियों के लिए एक प्लेटफार्म तैयार करने के बाद प्रज्ज्वल के दिमाग में अचानक एक आईडिया आया कि कॉलर आईडी एप तैयार किया जाए।

छह महीने लगे एप तैयार करने में 

कॉलर आईडी कैसे काम करता है उसपर अपने दोस्त कुणाल पसरीचा के साथ मिलकर तीन महीने रिसर्च किया, इसके बाद दिसंबर 2020 में भारतकॉलर (BharatCaller) को बनाना शुरु किया। इसे बनाने में छह महीने का समय लग गया. इसके बाद इसके परीक्षण किए गए, जो कि काफी सफल रहे. पहले वर्जन को 10 मिलियन यूजर्स (1 करोड़) के उपयोग के लायक बनाया गया है।

15 अगस्त को किया लांच

एप तैयार होते ही इसे स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त को इसे लांच कर दिया गया. प्रज्ज्वल ने बताया कि देश की सुरक्षा को ध्यान में रखकर भारतीय सेना ने एक प्रतिष्ठित एप को पिछले साल प्रतिबंधित कर दिया था और इसी से उनके दिमाग में देसी एप विकसित करने का आइडिया आया. प्रज्ज्वल सिन्हा ने बताया कि भारत कॉलर एप लोगाों की जरूरत को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ताकि उपभोक्ताओं की गोपनीयता सुरक्षित रहे और विकल्प भी मिल जाए।

मेक इन इंडिया का बेहतरीन उदाहरण

प्रज्जवल सिन्हा बताते है कि ट्रूकॉलर को टक्कर देने के लिए मार्केट में कई अन्य अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हैं  जिनमें Whoscall (Taiwan), Hiya (USA), Showcaller (Taiwan) और Mr. Number (USA) का नाम शामिल है लेकिन दुखद बात यह है की इस लिस्ट में एक भी भारतीय कंपनी नहीं है। प्रज्जवल का मानना है कि भारतकॉलर (BharatCaller) ऐप आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया का सबसे बेहतरीन उदाहरण बन सकता है।