शिक्षा मंत्रालय के सौ पर्यटन स्थलों की सूची में रोहतास हुआ शामिल, आएंगे देश के भर के विद्यार्थी

बिहार के रोहतास जिले के लोगों के लिए एक बहुत ही अच्छी खबर है, पर्यटन के दृष्टिकोण से भरा-पूरा रोहतास अब शिक्षा मंत्रालय द्वारा पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल कर लिया गया है। जी हाँ, राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सिफारिश व केंद्र की पर्यटन मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी की गई सौ पर्यटन स्थलों की सूची में रोहतास जिला को भी शामिल किया है। 

पढ़ाई के साथ भ्रमण

शिक्षा मंत्रालय ने पर्यटन मंत्रालय के साथ मिलकर देश के ऐसे सौ स्थलों की सूची तैयार की है, जहां छात्रों को भ्रमण के लिए ले जाया जा सकेगा। इनमें सबसे अधिक आठ पर्यटन स्थल अकेले मध्य प्रदेश के हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के सात व बिहार के पांच पर्यटन स्थल शामिल हैं।

अब देशभर से अलग अलग कालेजों व विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थी रोहतास के ऐतिहासिक व पर्यटन स्थलों का सैर कर उसके इतिहास व महत्व को जानने का काम करेंगे। इसके लिए यूजीसी के तरफ से उच्च शिक्षण संस्थानों को अमल करने का निर्देश दिया जा चुका है।

क्यों खास है रोहतास

बौद्ध व सूफी सर्किट से सासाराम के जुड़े होने के बाद पर्यटन के दृष्टिकोण से इस शहर की महत्ता और बढ़ गई है। इसकी महत्ता को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने सौ पर्यटक स्थलों में स्थान दिया है।

यहां आने वाले विद्यार्थी स्थलों के इतिहास, वैज्ञानिक योगदान व परंपराओं से अवगत होंगे, जिसे वे अबतक किताबों में पढ़ते रहे हैं। जहां इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं नई पीढ़ी को जिले की समृद्ध विरासत, संस्कृति, विविधता, ज्ञान व भाषा से जुडऩे का अवसर प्राप्त होगा।

शेरशाह मकबरा से लेकर रोहतासगढ़ किला, सम्राट अशोक का लघु शिलालेख, शेरगढ़ किला पर्यटन की दृष्टिकोण से अतिमहत्वपूर्ण माना जाता है। वहीं ताराचंडी धाम, गुप्ता धाम, तुतला भवानी, चाचा फागुमल गुरुद्वारा, पायलट बाबा धाम साझी संस्कृति- साझी विरासत का परिचायक है।

रोहतास के ऐतिहासिक व प्रमुख दर्शनीय स्थल

  • शेरशाह सूरी का मकबरा
  • रोहतासगढ़ किला
  • शेरगढ़ किला
  • हसन खां सूरी का मबकरा
  • सम्राट अशोक का लघु शिलालेख
  • अलावल खां का मकबरा
  • सलीम शाह का मकबरा
  • ताराचंडी धाम
  • गुप्ताधाम
  • तुतला भवानी धाम
  • पायलट बाबा धाम
  • चाचा फागुमल गुरुद्वारा
  • मांझर कुंड
  • धुआं कुंड
  • इंद्रपुरी डैम
  • दुर्गावती जलाशय

रोहतास के लिए गौरव की बात

सांस्कृतिक , ऐतिहासिक, धार्मिक व पर्यटन दृष्टिकोण से रोहतास जिले का एक अलग ही महत्व है, इतिहासकार डा. श्याम सुंदर तिवारी की माने तो नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षा मंत्रालय द्वारा सौ पर्यटन स्थलों की सूची में सासाराम में करना गौरव की बात है।

एक तरफ जहाँ देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों को यहां के इतिहास को जानने को मौका मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ पर्यटन की लिहाज से रोहतास देश के मानचित्र पटल पर मजबूत होगा जिससे यहाँ के स्थानीय व्यापार में भी अवसर पैदा होगा ।