पटना के इन 10 जगहों पर बनेगा स्मार्ट पब्लिक बस स्टॉप, इस तरह के हाईटेक सुविधाओं से होगा लैस

बिहार की राजधानी पटना में बहुत ही जल्द आपको जगह जगह हाईटेक इंटरमीडिएट पब्लिक ट्रांसपोर्ट (IPT) स्टैंड देखने को मिलने वाला है, राजधानी पटना को और भी स्मार्ट बनाने के उदेश्य से इस काम को कराया जा रहा है। जहाँ इन स्टैंडों पर यात्रियों को शेड और बैठने की सुविधा तो मिलेगी ही, साथ ही यहां डस्टबिन, डिस्प्ले बोर्ड व अन्य इंतजाम भी किए जाएंगे।

हाईटेक इंटरमीडिएट पब्लिक ट्रांसपोर्ट (IPT) स्टैंड का निर्माण स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत संपन्न कराया जायेगा, स्मार्ट सिटी परियोजना (Smart City Project) की जनसम्पर्क अधिकारी हर्षिता ने बताया कि जल्द ही ये स्मार्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट स्टैंड पटना में दिखने लगेंगे जिससे लोगों को काफी सहूलियत होने वाली है।

इन स्थानों पर होगा निर्माण

मिली जानकारी के मुताबिक जिन 10 जगहों पर इस सुविधा को शुरू की जाएगी उसमे पटना के जीपीओ गोलंबर, चिड़ैयाटाड़ ब्रिज, बिहार इंटरमीडिएट काउंसिल-1, बिहार इंटरमीडिएट काउंसिल-2, तारामंडल, गार्डिनर अस्पताल, बांस घाट, डीएम आवास गांधी मैदान, गेट संख्या-5 जमाल रोड शामिल है।

कम होगी दुर्घटना की संभावना 

बता दे कि पटना में पिछले कुछ सालों में रिक्शा, ई-रिक्शा और ऑटो की संख्या में काफी तेजी से बढ़ोतरी हुई है, और अक्सर ये वाहन सवारी को चढाने के लिए यत्र तत्र रुकते है जिससे दुर्घटना कि स्थिति बनी रहती है। ऐसे में इन गाड़ियों के लिए एक स्थान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा पूर्व निर्धारित एरिया बेस्ड डेवलपमेंट में कुल 10 स्थलों पर आईपीटी स्टैंड का निर्माण किया जा रहा है।

जानिए क्या होगी विशेषता

प्रमुख स्थानों पर आईपीटी स्टैंड के निर्माण होने से सड़कों पर चलने वाले राहगीरों को सहूलियत होगी, बता दें, पटना स्मार्ट सिटी मिशन अंतर्गत बन रहे आईपीटी स्टैंड पर स्टील के डस्टबिन, सार्वजनिक बस के आवागमन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विशेष डिसप्ले बोर्ड, विज्ञापन के लिए एलईडी स्क्रीन लगे होंगे।