बिहार के सरकारी स्कूलों में भी ‘लेट्स टॉक’ और ‘हैप्पीनेस जोन’, बच्चों का होगा मानसिक विकास

बिहार के सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए स्पेशल ‘लेट्स टॉक’ और ‘हैप्पीनेस जोन’ बनाया जाएगा, इससे बच्चे आसानी से अपनी बात व भावनाओं को रख सकेंगे। इस एक्टिविटी से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को काफी फायदा पहुंचेगा।

इस पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग बिहार शिक्षा परियोजना करेगी जिसके लिए सभी जिलों को निर्देश दिया गया है। निजी स्कूलों में भी इसे सख्ती से लागू करने को कहा गया है।

राज्य परियोजना निदेशक श्रीकांत शास्त्री ने डीईओ के साथ डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान को यह निर्देश दिया है। लेट्स टॉक और हैप्पीनेस जोन सरकारी स्कूलों के साथ ही निजी स्कूलों में भी बनाया जाना है। 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इसकी शुरुआत कर देनी है।

निदेशक ने निर्देश दिया है कि इससे पहले शिक्षा मंत्रालय की ओर से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर ही मनोदर्पण का गठन किया गया है। इसके माध्यम से बच्चों की काउंसिलिंग भी कराई जाती है। लेकिन, अब स्कूल स्तर पर इसमें काम होगा।

इस कार्यक्रम का मुख्य उदेश्य बच्चों के व्यवहार को टटोलना है, स्कूल खुलने के बाद अगर किसी बच्चे के व्यवहार में पहले की अपेक्षा कोई बदलाव नजर आता है तो उस पर यह टीम विशेष नजर रखेगी साथ ही बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार कर उससे इस बारे में जानने की कोशिश करेगी।