बिहार: यात्रियों के लिए खुशखबरी, 1 अगस्त से गया और दिल्ली के बीच फ्लाइट शुरू, पढ़ें पूरा शेड्यूल
बिहार के दक्षिण पूर्व के जिलों के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने निकल कर आ रही है, दरअसल कोरोना (COVID-19) के दौरान बिगड़े हालात को देखते हुए बिहार के गया एयरपोर्ट से हवाई यात्राएँ रोक दी गई थी लेकिन अब धीरे धीरे एविएशन इंडस्ट्री (aviation industry) भी अनलॉक हो रही है। यात्रियों की परेशानियों को देखने को एक बार फिर से गया से हवाई जहाजों की उड़ानें शुरू हो रही है।
गया एयरपोर्ट अथॉरिटी (Gaya Airport Authority) के अनुसार 1 अगस्त से गया से दिल्ली के लिए उड़ाने शुरू हो रही है. एयर इंडिया ने 1 अगस्त से गया से दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन उड़ान भरने का शेड्यूल जारी किया है।
जानिए क्या होगा शेड्यूल
गया और दिल्ली के बीच फ्लाइट सेवा एक अगस्त से शुरू होगी, यह फ्लाइट एयर इंडिया के तरफ से शुरू की जा रही है। फ्लाइट 12 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली से गया के लिए उड़ान भरेगी और 1 बजकर 40 मिनट पर गया पहुंच जाएगी। उसके बाद फिर गया से यह फ्लाइट 2 बजे उड़ान भरेगी जो वाराणसी होते हुए 3 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। शेड्यूल के मुताबिक यह फ्लाइट मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को गया से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।
फिलहाल गया से दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू हो रही है लेकिन जल्द ही गया से कोलकाता के लिए भी उड़ाने शुरू हो जाएगी, बताया जा रहा है कि अगस्त के दूसरे सप्ताह से कोलकाता के लिए भी फ्लाइट शुरू हो सकती है।
कई जिले के लोगों को फायदा
गया एयरपोर्ट से दोबारा हवाई सफर शुरू होने से गया के साथ साथ कई अन्य जिलों के लोगों को इसका फायदा मिलने वाला है, इस सुविधा के बहाल होने से नवादा, बरबीघा, औरंगाबाद, जहानाबाद जैसे जिलों के यात्रियों को बहुत राहत मिल सकती है। पहले इन यात्रियों को पटना या रांची जाकर फ्लाइट लेना पड़ता था।

