बिहार: गाँधी सेतु के पूर्वी लेन को जल्द पूरा करने का निर्देश, जानिए कब तक शुरू होगा पूर्वी लेन

उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ने वाली महात्मा गाँधी सेतु के पूर्वी लेन का काम चल रहा है, बीते दिनों बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने राज्य में चल रही महत्वपूर्ण मेगा पुल-पुलिया व सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की।

इसी क्रम में उन्होंने विभागीय सभागार में अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में मंत्री ने आठ बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को इन परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने गांधी सेतु का जीर्णोद्धार कार्य पूरा कर अगले वर्ष जून में चालू करने का निर्देश दिया है।

निर्देश में कहा गया है कि गाँधी सेतु के पूर्वी लेन की मरम्मत का काम 15 मई तक पूरा कर लेना है, अगर इस डेडलाइन तक काम पूरा नहीं हुआ तो अब एजेंसी को अवधि विस्तार नहीं दिया जाए। उन्होंने गांधी सेतु के समानांतर बन रहे नए पुल के संबंध में कहा कि इसे वर्ष 2024 में पूरा होना है।

अब ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ ही महीनों में गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर परिचालन शुरू हो जाएगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो मई के आसपास पश्चिमी लेन के साथ-साथ पूर्वी लेन पर भी लोग फर्राटा भर सकेंगे। नए लेने के शुरू होने से गांधी सेतु पर लगाने वाले जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।