Fasting dishes: नवरात्री में जरूर ट्राई करे ये पांच प्रकार के उपवास के व्यंजन, ये है रेसिपी
Fasting dishes: उपवास के व्यंजनों में हमेशा वही गिने-चुने व्यंजनों के नाम लिए जाते हैं। जैसे- कुट्टु के आटे की पूरी, आलू, समा, पर हम कुछ नया ट्राई नहीं करते। चलिए आपको बताते हैं कुछ नए उपवास के व्यंजनों को बनाने की विधि।

चिल्ड फ्रूटी खीर
सामग्री : कच्चा दूध 2 कप, ताजा जमा दही 1 ½ कप, तुलसी के 10-12 पत्ते हाथ से कटे हुए, शुद्ध घी ½ छोटा चम्मच, ताजा नारियल कद्दूकस किया 3 बड़े चम्मच, चिरौंजी 2 बड़े चम्मच, मखाने कटे हुए 2 कप, किशमिश 1 बड़ा चम्मच, शहद 2 छोटे चम्मच, गंगाजल ½ कप और बूरा ½ कप।

विधि : कच्चे दूध में दही, चीनी, गंगाजल और एक कप पानी डालकर हैंड मिक्सर से पीस लें। इसमें देशी घी, मेवा और शहद डालकर दोबारा पीस लें। तुलसी के पत्ते डालें और फिर छोटे-छोटे गिलासों में डालकर सर्व करें।
शाही नमकीन
सामग्री: कच्ची मूंगफली दाना 100 ग्राम, मोटा वाला साबूदाना 100 ग्राम, मखाने 50 ग्राम, काजू 100 ग्राम, बादाम गिरी 50 ग्राम, काली मिर्च चूर्ण, पुदीने का चूर्ण, सेंधा नमक स्वादानुसार, घी या रिफाइंड फ्राई करने के लिए।

विधि: कड़ाही में घी गरम करें, उसमें एक-एक करके सभी चीजें फ्राई कर लें। उन पर काली मिर्च, सेंधा नमक और पुदीने का चूर्ण बुरकें। इस शाही चिवड़े को एयरटाइट डिब्बे में बंद करके रख दें। इसे व्रत में खाना हो तो खा लें।
आलू पापड़ी चाट
सामग्री: कुट्टू का आटा 100 ग्राम, उबला व मैश किया आलू 1, मोयन के लिए घी 1 छोटा चम्मच, सेंधा नमक चुटकी-भर, पापड़ी तलने के लिए घी या तेल।
चाट के लिए अन्य सामग्री : क्यूब में कटा आलू ½ कप, फेंटा हुआ दही 100 ग्राम, मीठी सोंठ जरूरत-भर, अनार के दाने 1 बड़ा चम्मच, सेंधा नमक और चाट मसाला स्वादानुसार।

विधि: कुट्टू के आटे में मैश किया आलू, नमक और मोयन मिलाकर ठंडे पानी से गूंध लें। इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर बेल लें और कांटे से गोदकर तल लें। इन पापड़ियों पर आलू लगाकर दही, सोंठ और चाट मसाला बुरकें। ऊपर से अनार के दाने बुरक दें। स्वादिष्ट पापड़ी चाट तैयार है।
केले के फिंगर चिप्स
सामग्री : सब्जी वाले कच्चे केले 4, काली मिर्च चूर्ण ½ छोटा चम्मच, नींबू का रस 2 छोटे चम्मच, सेंधा नमक स्वादानुसार और घी या तेल फ्राई करने के लिए।

विधि : केले को छीलकर लम्बे-लम्बे फिंगर चिप्स के आकार में काटें और ठंडे पानी में चुटकी-भर सेंधा नमक डालकर उसमें डुबोएं। मुलायम कपड़े पर चिप्स डालकर पोंछ लें और गरम घी में डालकर सुनहरे होने तक तलें। इन फिंगर चिप्स पर कालीमिर्च चूर्ण, सेंधा नमक और नींबू का रस डालकर खाएं व खिलाएं।
व्रत वाला पुलाव
सामग्री : व्रत वाले चावल 1 कप, भुनी हुई मूंगफली 2 बड़े चम्मच, भुने हुए काजू 2 बड़े चम्मच, करीपत्ता 4-5, बारीक कटी अदरक व हरी मिर्च 1 छोटा चम्मच, नींबू का रस 1 बड़ा चम्मच, क्यूब में कटा आलू ½ कप, जीरा 1 छोटा चम्मच, काली मिर्च 7-8 नग, लौंग 2, छोटी इलायची 2, चाऊमीन मसाला 1 छोटा चम्मच, घी या तेल 1 छोटा चम्मच और सेंधा नमक स्वादानुसार।

विधि : चावल को साफ करके पानी में आधा घंटा भिगो दें। एक प्रेशरपैन में घी गरम करके जीरा व साबुत मसाला भूनें। फिर अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता व आलू भी डाल दें। पानी से निथार कर चावल भी डाल दें और दो मिनट उलटे-पलटें, साथ ही तीन कप गुनगुना पानी डालकर ढक्कन लगा दें व एक सीटी आने तक पकाएं।
थोड़ी देर बाद प्रेशरपैन खोलकर चावलों में भुने काजू, मूंगफली, चाट मसाला और नींबू का रस डालकर गर्मागर्म सर्व करें।
नीरा के टिप्स : शाही नमकीन में हल्का-सा मीठा (बूरा) मिलाने से स्वाद बढ़ जाएगा।

