अब मीठापुर फ्लाईओवर से जुड़ेगा महुली तक बनने वाला एलिवेटेड राेड, पटनावासियों को एक और सौगात

मीठापुर से महुली तक बनने वाले एलिवेटेड फोरलेन रोड के डिजाइन में बदलाव हाेगा, इस सम्बन्ध में बिहार राज्य सड़क विकास निगम ने मुंबई के विशेषज्ञ से सुझाव मांगा है। इसके पिछले का कारण है मीठापुर बस स्टैंड हटने के बाद एजुकेशन हब के पास मेट्रो स्टेशन का निर्माण होना। जी हाँ, मीठापुर बस स्टैंड के हटने के बाद उस जमीन पर एजुकेशन हब बनेगा साथ ही वहाँ मेट्रो स्टेशन बनाया जायेगा।

नितीश कुमार ने दिया था सुझाव

पिछले दिनों सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीठापुर इलाके के निरीक्षण के दौरान इसके डिजाइन में बदलाव कर मीठापुर-महुली फोरलेन रोड को सीधे मीठापुर जंक्शन से जोड़ने का सुझाव दिया था। पहले आर्यभट्ट विवि के दक्षिण से मीठापुर महुली एलिवेटेड की दो लेन और दो लेन उत्तर से होकर आर्यभट्ट विवि के सामने मिल रही थी।

डिज़ाइन में बदलाव होने के बाद अब यह फ्लाईओवर सीधे जंक्शन से जुड़ेगा, साथ ही इस फ्लाईओवर का निर्माण सिपारा पुल के ऊपर से होगा। पहले के डिजाइन के मुताबिक यह फ्लाईओवर सिपारा पुल के नीचे से जा रही थी। सिपारा के बाद एलिवेटेड का निर्माण होना था। निगम के अधिकारियों के मुताबिक डिजाइन फाइनल होने के बाद निर्माण कार्य शुरू हाेगा।

दक्षिण पटना के लोगों के लिए सौगात 

8.84 किमी लम्बे बनने वाले वाले इस फोरलेन में 7 किमी फोरलेन एलिवेटेड का निर्माण होगा जिसके दोनों ही तरफ सर्विस रोड भी बनाया जायेगा, हालाँकि इस फोरलेन पर अटल पथ की तरह यू-टर्न नहीं होगा। इस फोरलेन के निर्माण के बाद गया, राजगीर, जहानाबाद आदि इलाके को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। फ़िलहाल पटना के दक्षिणी लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ता है।

डिजाइन बदलने पर बढ़ेगी लागत

नया डिजाइन आने के बाद अधिक खर्च होने की उम्मीद है। अभी परियोजना की कुल राशि 1000 करोड़ है। इसमें सड़क निर्माण पर 700 करोड़ खर्च करने की योजना थी। शेष 300 करोड़ आरओबी के निर्माण और जमीन अधिग्रहण के साथ पेड़ को शिफ्ट करने में खर्च करने की योजना थी।