पटना में बनेगा सुरंग! बुद्ध स्मृति पार्क के पास जमीन के अंदर घुसिये और सीधा पटना जंक्शन निकलिए

पटना में इन दिनों इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बड़ी तेजी से अनेकों कार्य हो रहे हैं। राजधानी पटना के अलावे राज्य के दूसरे जिले में भी विकास कार्य से सम्बंधित कई परियोजना पर काम चल रही है। एक तरफ जहां दरभंगा एयरपोर्ट पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है वहीं, दूसरी तरफ पटना शहर का भी कायाकल्प किया जा रहा है।

पटना जंक्शन के सामने वाले हिस्से में सब-वे का निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने से यहां लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी और पटना जंक्शन जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। जानकारी के अनुसार मल्टीलेवल पार्किंग और पटना जंक्शन के बीच अंडरग्राउंड पाथवे बनाने की तैयारी चल रही है।

इस स्मार्ट सिटी योजना के तहत 52.6 करोड़ रुपए खर्च होने है। इस निर्माण कार्य को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस काम को पुल निर्माण निगम की देख रेख में संपन्न कराइ जाएगी। अंडरग्राउंड पाथवे में कार पार्किंग स्थल से पटना जंक्शन तक यात्रियों को लगेज लेकर आने जाने के लिए ट्रेवलेटर की सुविधा मुहैया कराइ जाएगी।

जाम से मिलेगी निजात

पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए 440 मीटर लम्बा सब-वे का निर्माण कराया जायेगा जो बुद्ध स्मृति पार्क के पीछे स्थित मल्टी लेवल पार्किंग होते हुए जीपीओ गोलंबर के पास प्रस्तावित मल्टी माॅडल हब से जुड़ेगा।

पटना जंक्शन से मल्टी लेवल पार्किंग तक का 330 मीटर हिस्सा अंडरग्राउंड होगा। 110 मीटर सतह पर रहेगा. इस सब-वे में 2 मीटर की दो स्थिर लेन और एक-एक मीटर के दो ट्रेवलेटर प्रस्तावित हैं। ट्रेन यात्रियों को स्टेशन जाने के लिए जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।

15 दिनों में अंडर पाथ- वे का काम होगा शुरू 

बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह तक पुल निर्माण निगम को डिजाइन मिल जाएगा। फ़िलहाल अभी जमीन की खुदाई को लेकर सर्वे किया जा रहा है। नई तकनीक के माध्यम से जमीन के अंदर होने वाली चीजें जैसे नाला पाइपलाइन, बिजली के तार, फोन के तार आदि को देखा जाएगा, जिससे खुदाई के दौरान इसे लेकर किसी भी तरह की समस्या न हो।