गंगा के दियारा में क्रिकेट खेलने वाले आदित्य का बिहार U-19 टीम में चयन, कालेज ने किया सम्मानित

किसी की लगन और मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती, और इस कथन को सच साबित कर दिखाया है बिहार के एक छोटे से ग्रामीण इलाके से आने वाले युवा आदित्य आनन्द ने। सारण जिले के रहने वाले आनंद का चयन बिहार की अंडर-19 क्रिकेट टीम (Bihar U-19 Cricket Team) में हुआ है।

बीनू मांकड़ ट्राफी में दिखेगी धार

सारण जिले के सोनपुर के राहर दियारा के निवासी देवानंद कुमार राय के पुत्र और क्रिकेट खिलाड़ी आदित्य आनंद ने बिहार की टीम में अपनी मेहनत के बूते जगह बनाई है। आगामी टूर्नामेंट वीनू माकंड ट्राफी के लिए आदित्य का चयन किया गया है और वह अपने राज्य के लिए खेलेंगे।

इस प्रतियोगिता का आयोजन बीसीसीआई के तत्वाधान में 28 सितंबर को पंजाब के मोहाली में हो रहा है, छपरा का आदित्य भी वीनू माकंड ट्राफी में बिहार टीम का हिस्सा होगा और अपने राज्य के लिए खेलेगा. बिहार की टीम में उसका चयन न केवल उसके साथ क्रिकेट खेलने वाले साथियों का हौसला बढा रहा है बल्कि उनका मार्गदर्शन भी कर रहा है।

दियारा में खेलते थे क्रिकेट

आपको बता दे कि आदित्य गंगा के दियारा इलाके में क्रिकेट खेलते हुए अपने करियर की शुरुआत की थी, यहाँ तक की आदित्य के इलाके में एक अच्छा मैदान तक नही है फिर भी आदित्य का चयन वैसे खिलाड़ियों के लिए एक सबक है जो सुविधाओं के नहीं मिलने का रोना रोते हैं।

आदित्य आनंद ने बिहार क्रिकेट के जोनल में इस सीजन में सबसे अधिक 15 विकेट लिए थे. बिहार टीम के चयन में उसकी यही उपलब्धि आधार बनी. बिहार टीम में चयन और इस सफलता पर सोनपुर के गोविंद चक स्थित सीताराम सिंह इंटर कालेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर आदित्य आनंद को सम्मानित किये जाने के बाद कॉलेज के सचिव राजीव कुमार सिंह ने कहा कि उनकी सफलता से संपूर्ण जिला व राज्य का गौरव बढा है।