बिहार टॉपर रामायणी ने बताया अपनी सफलता का राज, बनना चाहती है पत्रकार

bihar topper ramayani rai

बिहार बोर्ड के कक्षा 10वीं के परिणाम गुरुवार, 31 मार्च को घोषित कर दिए गए हैं। बीएसईबी मैट्रिक परीक्षा 2022 के रिजल्ट में औरंगाबाद के दाऊद नगर निवासी रामायणी रॉय 97.40 फीसदी अंकों के साथ स्टेट टॉपर रहीं।

रामायणी रॉय, पटेल हाईस्कूल, औरंगाबाद की छात्रा है और उसने 500 में से 487 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है।

टॉपर बनने पर बेहद खुश रामायणी

bihar topper ramayani
बिहार टॉपर रामायणी

परिणाम जारी होने के बाद मीडिया से बातचीत में रामायणी ने बताया कि यहां तक तक पहुंचने के लिए सबसे जरूरी है कि माता-पिता को बच्चे पर विश्वास हो और मेरे माता-पिता ने मुझ पर विश्वास बनाए रखा। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान यही भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत बना।

मैं खुशनसीब हूं कि मुझे इतने अच्छे माता-पिता मिले। रामायणी ने कहा कि मुझे उम्मीद नहीं थी कि मैं स्टेट टॉपर बन पाऊंगी। लेकिन इतना भरोसा था कि टॉप 10 में जगह बना लूंगी। अब रिजल्ट आने के बाद बेहद खुश हूं।

बड़ी पत्रकार बनना चाहती हैं रामायणी

रामायणी ने कहा कि वह आगे चलकर पत्रकारिता क्षेत्र में करियर बनाना चाहती है। रामायणी चाहती है कि वह भी एक दिन बड़ी पत्रकार बनें।

Ramayani wants to become a big journalist
बड़ी पत्रकार बनना चाहती हैं रामायणी

कोरोना काल में पढ़ाई के अनुभव बताते हुए रामायणी ने कहा कि ऑफलाइन पढ़ाई बाधित हुई तो फिर ऑनलाइन माध्यम से भी पढ़ाई की। साथ ही अगर कहीं कोई दिक्कत आती थी तो उसके लिए ऑनलाइन डाउट्स क्लीयर कर लिया करती थी।

रामायणी के पिता डॉक्टर, मां पेशे से शिक्षिका

बता दें कि रामायणी राय के पिता पेशे से डॉक्टर हैं जबकि माता एक शिक्षिका हैं। रामायणी राय के टॉप करने पर उनके घर के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी की लहर है।

परिजनों ने बताया कि ये बेहद गर्व कराने वाला पल है कि उनकी बेटी ने पूरे जिले का नाम रौशन किया है। इसका श्रेय वो रामायणी की मेहनत को देते हैं।

bihar matric topper ramayani
बिहार मैट्रिक टॉपर रामायणी

जिलाधिकारी सौरव जोरवाल ने दी बधाई

औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरव जोरवाल ने स्टेट टॉपर रामायणी रॉय, उनके पिता भोला यादव और राज्य स्तरीय वरीयता सूची में तीसरे स्थान पर काबिज होने वाली प्रज्ञा कुमारी और उनके परिवारजनों तथा शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह बेहद खुशी और सम्मान की बात है पूरे राज्य के टॉप 10 होनहार विद्यार्थियों में से चार हमारे जिले से रहे हैं।

हम सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से जिले का नाम रोशन करने के लिए धन्यवाद भी दिया।