बिहार में बड़े पैमाने पर तैयार होगा वस्त्र, भागलपुर समेत इन चार शहरों में बनेगा मेगा क्लस्टर
भारत ही नहीं बल्कि दूसरे देशों में भी अपने क्वालिटी को लेकर प्रसिद्ध भागलपुरी सिल्क को वस्त्र उत्पादक के रूप में देश दुनिया में अलग पहचान दिलाने के लिए बिहार सरकार कई तरह की प्रयास कर रही है, इसी कड़ी में वस्त्र निर्माण मंत्रालय भारत सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से भागलपुर में मेगा क्लस्टर बनाया जाएगा। आपको बता दे कि भागलपुर में सात और बांका जिला में तीन क्लस्टर पहले से ही मौजूद हैं।
मेगा क्लस्टर बनाने का निर्देश
वस्त्र निर्माण मंत्रालय ने छोटे-छोटे क्लस्टर की जगह मेगा क्लस्टर बनाने के निर्देश दिए हैं, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने कहा कि भागलपुर में मेगा क्लस्टर का निर्माण कराया जाएगा जिसमें कम से कम दो हजार बुनकरों को जोड़ा जाएगा। इन क्लस्टर में जुड़ने वाले बुनकरों को प्रशिक्षित किया जाएगा जिसके लिए एक 45 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा।
परीक्षण के लिए चार से पांच लूम खरीदे जाएंगे और फिर प्रशिक्षण के बाद बुनकरों को लूम खरीदने में सहायता दी जाएगी, दूसरी तरफ जिन बुनकरों के पास लूम उपलब्ध है, उनके आधुनिकीकरण के लिए जकात और डोभी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही पटना, नालंदा और नवादा को भी वस्त्र उत्पादक के रूप में नई पहचान दिलाई जाएगी।
बुनकरों को मिलेगी सभी सुविधाएँ
जिला उद्योग केंद्र भागलपुर के महाप्रबंधक रामशरण राम ने बताया कि “भागलपुर में सात और बांका में तीन क्लस्टर कार्यरत हैं। पहले सभी क्लस्टर में कामन फेसिलेटेड सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया था। अब वस्त्र निर्माण मंत्रालय ने मेगा क्लस्टर बनाने का निर्देश दिया है। मेगा क्लस्टर में जहां बुनकरों को सभी सुविधा मिलेंगी। वहीं, उनके उत्पाद के लिए बाजार भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मेगा क्लस्टर में सीएफसी भी खोले जाएंगे।”

