बिहार के 12 नगर निगमों को मिले 113 करोड़, जानिए आपके शहर में होंगे क्या-क्या नए काम
बिहार सरकार ने राज्य के 12 नगर निगमों के लिए 113 करोड़ 43 लाख 47 हजार 802 रुपए स्वीकृत किए हैं, पांचवें राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा के क्रम में इस राशि को स्वीकृत की गई है। निगमों को राशि आवंटित होने से वित्तीय संकट से राहत मिलेगी। आवंटित राशि का आधा हिस्सा मुख्यमंत्री शहरी पेयजल निश्चय योजना और मुख्यमंत्री शहरी नाली-गली पक्कीकरण योजना पर खर्च किया जाएगा।
अनुदान की इस राशि में से 30 फीसदी पेयजल और 20 फीसदी नाली-गली पक्कीकरण पर खर्च होगा। एक प्रतिशत राशि निकायों के आंतरिक अंकेक्षण, दोहरी लेखा प्रणाली आदि के लिए होगी।
किस शहर को कितनी राशि
अपने प्रदेश में 10 लाख से अधिक आबादी वाला पटना नगर निगम एकमात्र निकाय है, पिछले साल छठे राज्य वित्त की अनुशंसा की प्रत्याशा में पटना नगर निगम को 50 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे। उस राशि का समायोजन इस बार आवंटित पैसे में से किया जाना है। अभी आधी ही राशि विमुक्त की जा रही है इसलिए पटना को 46 करोड़ 60 लाख 33 हजार 804 में से 25 करोड़ समायोजित किए गए हैं। ऐसे में पटना को 21 करोड़ 60 लाख 33 हजार 804 रुपए आवंटित किए गए हैं।
नगर निगम राशि
- पटना 216033804
- बिहारशरीफ 82909994
- आरा 74462661
- गया 134134714
- भागलपुर 111383540
- मुजफ्फरपुर 98622660
- दरभंगा 81932793
- कटिहार 67997860
- बेगूसराय 68642559
- मुंगेर 59587514
- पूर्णियां 82057643
- छपरा 56582060


