मिथिलांचल को CM नीतीश कुमार का रिटर्न गिफ्ट, मधुबनी में बनेगा बिहार का तीसरा बराज
उपचुनाव में मिली जीत के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार मिथिलांचल को अपना रिटर्न गिफ्ट देना नहीं भूले, सीएम नीतीश ने मिथिलावासियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। एक तरफ जहाँ मुख्यमंत्री ने दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पहुंचकर बाढ़ से निजात के लिए ड्रेनेज निर्माण का ऐलान किया तो दूसरी तरफ मधुबनी में बड़े योजनाओं की शुरुआत की।
मिथिलावासियों की सबसे बड़ी समस्या बाढ़ से निजात दिलाने के लिए सीएम नीतीश ने मधुबनी में कमला बलान नदी पर नए बराज के निर्माण का कार्य की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने खुद निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
2023 तक पूरा करने का लक्ष्य
मिली जानकारी के मुताबिक इस बराज के निर्माण में करीब 405 करोड़ की लागत आएगी और इसे मार्च 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल नदी का जल प्रवाह 290.2 मीटर ही है जो बराज निर्माण के बाद नदी में जल प्रवाह वाटर वे 550 मीटर हो जाएगा। बढ़ के वक्त नदी में जल स्तर कम होगा जिससे बाढ़ में कमी आएगी।
कई प्रखंडों को सीधा लाभ
इस बराज से मधुबनी के जयनगर, बासोपट्टी, खजौली, लदनियां, कलुआही, हरलाखी, मधवापुर प्रखंडों को काफी राहत मिलेगी. कमला बलान के बाएं और दाएं तटबंध के चौड़ीकरण और पक्कीकरण फेज-1 के निर्माण से मधुबनी के साथ साथ-साथ दरभंगा के 12 लाख लोगों को को फायदा पहुंचेगा।
यह पिपराघाट पुल से ठेंगहा पुल तक 80 किमी लंबे तटबंध का पक्कीकरण होगा, जिसकी लागत 325.10 करोड़ रु होगी। इस निर्माण से 0.48 लाख हेक्टेयर भूमि और जन संपदा को बाढ़ से राहत मिलेगी।
सुपौल, वाल्मिकीनगर के बाद बिहार का तीसरा बराज
मालूम हो कि भारत नेपाल सीमा पर सुपौल जिले के वीरपुर में बने बराज और पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर में बने बराज के बाद यह बिहार का तीसरा बराज होगा। मधुबनी के जयनगर में कमला बलान नदी पर बराज बन जाने के बाद मधुबनी के साथ दरभंगा के 12 लाख लोगों को इससे फायदा मिलेगा।

