Bihar Constable Exam Cancelled: बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा हुई रद्द, आगामी परीक्षाएं भी स्थगित, जानिए लेटेस्ट अपडेट
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल बिहार पुलिस सिपाही बहाली परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। राज्य के अलग-अलग जिलों से धांधली की खबर सामने आने के बाद ये फैसला लिया गया है।
इसके साथ-साथ आगे की होने वाले परीक्षाएं भी स्थगित रहेंगी। केंद्रीय चयन परिषद् ने 03 अक्टूबर 2023 को इस सबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। आईये जानते है इस नोटिफिकेशन में क्या-क्या बताया गया है?
दो पालियों में हुई कांस्टेबल भर्ती परीक्षा रद्द
दरअसल केंद्रीय भर्ती चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने पेपर लीक होने के चलते रविवार को दो पालियों में हुई कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है। सीएसबीसी अध्यक्ष एसके सिंघल ने इसकी जानकारी साझा की है।
उन्होंने कहा कि कई परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नों के उत्तर पूर्व में ही हासिल कर लिए जाने के मामले सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया है। 1 अक्टूबर को आयोजित की गयी परीक्षा को अब रद्द कर दिया गया है।
आगामी परीक्षाएं भी हुई स्थगित
इसके साथ ही सीएसबीसी ने बताया कि आगामी 05 और 15 अक्टूबर 2023 को होने वाली परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले बिहार पुलिस ने परीक्षा के दौरान व परीक्षा से पहले राज्य के अलग-अलग इलाकों से करीब दो दर्जन लोगों को परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रचते व परीक्षा में नकल की कोशिश में गिरफ्तार किया था।

Source: CSBC
उल्लेखनीय है कि बिहार पुलिस में 21391 कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए गया को छोड़कर शेष सभी 37 जिलों में 529 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
बिहार सिपाही भर्ती में गड़बड़ी करने वाले कई धाराएं
आपको बता दें कि 1 अक्टूबर 2023 को बिहार सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान नकल करने और कराने के आरोप में ताबड़तोड़ गिरफ्तारी की गयी। भभुआ के भूपेश गुप्त इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल संजय कुमार समेत करीब दर्जन भर अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था।
यहां एक कोचिंग संचालक की खोज में पुलिस लगी है जिसने छात्रों को प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे लिए। आरा, छपरा, नवादा, अरवल, मुंगेर , कैमूर , पटना आदि से भी गिरफ्तारी की गयी थी।
अब नियुक्ति प्रक्रिया में हो सकती है देरी
गौरतलब है की बिहार कांस्टेबल परीक्षा तीन तिथियों 1, 5 और 15 अक्टूबर 2023 को होनी थी। जिसके बाद परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) नवंबर 20233 में आयोजित किया जाना प्रस्तावित था।
सीएसबीसी की ओर से बताया गया था कि कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट दिसंबर अंत तक जारी कर दी जाएगी यानी आगामी 4 महीने में नियुक्ति मिलने की संभावना थी।
लेकिन अब पेपर रद्द होने के चलते दोबारा से परीक्षा कराने में अतिरिक्त समय लगेगा जिससे नियुक्ति में भी देरी होने की आशंका है।

