23 जून को होने वाली बिहार बीएड की परीक्षा कैंसिल, जानिए अब कब होगी ये परीक्षा
अग्निपथ स्कीम के विरोध का असर अब परीक्षाओं पर भी पड़ने लगा है। अब 23 जून को होने वाली B. ED की प्रवेश परीक्षा परीक्षा कैंसिल कर दी गई। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जारी अधिसूचना में बताया गया है कि अपरिहार्य कारणों से 23 जून 2022 को (गुरुवार) को 11 बजे से 1 बजे तक होने वाली बिहार राज्य स्तरीय 2 वर्षीय बीएड प्रवेश परीक्षा 2022 ( CET-B.Ed. 2022) अगली सूचना तक के लिए स्थगित की जाती है।
राज्य के 11 शहरों में आयोजित होनी थी परीक्षा, परीक्षार्थी मायूस
दो वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री के आगामी सत्र के लिए बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2022 का आयोजन राज्य के 11 शहरों में आयोजित होना था।

11 केन्द्रों पर ही सभी जिलों के परीक्षार्थियों की परीक्षा होनी थी। शहरों में प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 325 परीक्षा केंद्र बने थे।
लगभग 2 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन भरा है आवेदन
संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए 1,91,929 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन जमा किया है। इसमें 97,718 महिला एवं 94,211 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। शिक्षा शास्त्री के लिए 280 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इसमें 95 महिला एवं 185 पुरुष शामिल हैं।
महिलाओं के लिए कुल 157 एवं पुरुषों के लिए 168 परीक्षा केंद्र बने थे। पटना में सबसे अधिक 77, तो छपरा में सबसे कम 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

पटना में सर्वाधिक 54,584 वहीं छपरा में 7019 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होते हैं। स्थगित परीक्षा की अब अगली तिथि जारी होगी।
जानिए कब होगी ये परीक्षा?
बीएड सीईटी के लिए बनाएं गए नोडल विश्वविद्यालय ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि प्रदर्शन की स्थिति को देखते हुए परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

जुलाई के प्रथम सप्ताह में परीक्षा आयोजित कराने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। ऐसे में परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी किए जाने के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। इसके माध्यम से दो वर्षीय बीएड एवं शिक्षा शास्त्री कोर्स में नामांकन होगा।

