Bengali Kachori Recipe: बंगाली स्टाइल कचौड़ी बनाने के लिए फॉलो करें ये आसान रेसिपी

Bengali kachori Recipe

बंगाली कचौड़ी रेसिपी (Bengali Kachori Recipe): कचौड़ी का नाम सुनते ही खाने के शौकीन लोगों के मुंह में पानी आने लगता है। कचौड़ी कई तरह से बनाई जाती है। आज हम आपको बंगाली स्टाइल कचौड़ी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं। इसका स्वाद काफी पसंद किया जाता है।

मानसून स्नैक्स के तौर पर बंगाली कचौड़ी खायी जा सकती है। चाय के साथ इस फूड डिश का स्वाद उठाया जा सकता है। बारिश के मौसम में अक्सर कुछ चटपटा खाने का मन करता है, ऐसी सूरत में बंगाली कचौड़ी आपके मुंह में चटपटा जायका घोलने के लिए काफी है।

Matar Kachori recipe
मटर कचोरी रेसिपी

बंगाली कचौड़ी बनाने के लिए मटर सहित अन्य मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए आप फ्रोजन मटर को उपयोग में ला सकते हैं। बंगाली कचौड़ी बनाने ज्यादा मुश्किल नहीं है। कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो कर आप बंगाली कचौड़ी का स्वाद ले सकते हैं।

बंगाली कचौड़ी बनाने के लिए सामग्री

गेहूं का आटा – 1 कप

हरी मटर – 1 कप

मैदा – 1 कप

अदरक-हरी मिर्च पेस्ट – 1 टी स्पून

चीनी – 1 टी स्पून

घी – 2 टेबलस्पून

लाल मिर्च पाउडर – 1/2 टी स्पून

भुना जीरा पाउडर – 1/4 टी स्पून

धनिया पाउडर – 1/4 टी स्पून

हल्दी – 1/4 टी स्पून

जीरा – 1 टी स्पून

हींग – 1 चुटकी

तेल – तलने के लिए

नमक – स्वादानुसार

Hari Matar ki Kachori
हरी मटर की कचोरी

बंगाली कचौड़ी बनाने की विधि

बंगाली कचौड़ी बनाने के लिए सबसे पहले एक परात में गेहूं आटा और मैदा डालकर दोनों को मिक्स करें. मिश्रण में घी डालें और गर्म पानी डालकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें। इसके बाद एक सूती कपड़े से आटा ढककर अलग रख दें।

अब कचौड़ी के लिए स्टफिंग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करें। इसके लिए सबसे पहले मटर को उबाल लें। अगर ताजे मटर ना मिलें तो फ्रोजन मटर का भी उपयोग किया जा सकता है। मटर को उबालने के बाद उन्हें दरदरा पीस लें।

अब एक कड़ाही में तेल डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें जीरा और हींग डालकर भूनें। जब जीरा चटकने लगे तो उसमें अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, पिसी मटर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर करछी से अच्छी तरह से मिला लें। इसके बाद मसाले को कुछ देर तक और भूनें, जिससे मसाले की नमी पूरी तरह से निकल जाए।

Matar kachori recipe
हरी मटर की आटा की लोई

अब आटा लेकर उसे एक बार और गूंथ लें। इसके बाद उसकी एक लोई बनाकर पूरी के आकार में बेल लें। इस लोई में चम्मच या हाथों से बीच में भरावन रखकर किनारों को इकट्ठा कर गेंद बनाएं और मोटी पूरी बेल लें।

इसी तरह लोइयां बनकर मोटी पूरियां बेल लें। इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करने रख दें। जब तेल गर्म हो जाएं तो कचौड़ियों को तलने के लिए कड़ाही में डाल दें। कचौड़ियों को अच्छी तरह से तलने में 8-10 मिनट का वक्त लगेगा।

कचौड़ियां जब दोनों ओर से सुनहरी होकर कुरकुरी हो जाएं तो उन्हें एक प्लेट में उतार लें। इसी तरह सारी कचौड़ियों को तलते जाएं। स्नैक्स के लिए आपकी स्वादिष्ट बंगाली स्टाइल की कचौड़ियां बनकर तैयार हो चुकी हैं।

इन्हें चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें।