बिहार के हाजीपुर में आरबीएल फिनो बैंक से 4 लाख रुपये की लूट, मोबाइल व लैपटाप भी लूटे

बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र अंतर्गत गणिनाथ चौक स्थित एक निजी बैंक शाखा से शनिवार की देर संध्या हथियारबंद बदमाशों ने चार लाख रुपये कैश, मोबाइल एवं लैपटॉप आदि लूट कर फरार हो गए। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंच घटना की जांच शुरु कर दी है।

बैंक कर्मियों को कमरे में किया बंद

घटना के सम्बन्ध में बताया गया है कि गणिनाथ चौक पर स्वर्गीय हरीशचंद्र प्रसाद जायसवाल के मकान में चल रहे आरबीएल फीनों सर्व बैंक में देर संध्या हथियारबंद बदमाश घुसे और पिस्तौल के बल पर बैंक में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे को देखने के बाद पता चला कि बदमाश चार की संख्या में थे और बैंक में घुसते ही हथियार के बल पर कर्मियों को एक जगह इकट्ठा किया और एक कमरे के अंदर बंद कर दिया और लूटपाट की घटना को अंजाम देते हुए आराम से निकल गए।

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद जब सभी बदमाश वहाँ से भाग निकले तो बैंक कर्मी किसी तरह से कमरे के बगल स्थित शौचालय में घुस कर वहां से शोर मचाया। जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे और सभी कर्मियों को बैंक से बाहर निकाला। घटना की सूचना पर एसडीपीओ एसके पंजियार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, सुरेश राम आदि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है।

लूट की घटना के वक्त शाखा प्रबंधक नवीन कुमार के साथ 12 की संख्या में कर्मी भी उपस्थित थे साथ ही लूट की घटना के वक्त गणिनाथ चौक पर भी लोगों की काफी उपस्थिति थी, ऐसे में अपराधी द्वारा आराम से घटना को अंजाम देकर निकल जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है और पूरे मामले को संदेहास्पद बना रहा है.