Aloo Tamatar Jhol Recipe: डिनर में बनाएं आलू टमाटर झोल, रोटी या चावल के साथ करें ट्राई, पढ़ें फटाफट बनाने की रेसिपी

Aloo Tamatar Jhol Recipe

आलू टमाटर झोल रेसिपी (Aloo Tamatar Jhol Recipe): जब डिनर में बनाने के लिए फ्रिज में कोई हरी सब्जी नहीं होती, तो समझ नहीं आता कि क्या बनाएं। शाम में कई बार ऑफिस से थक-हार कर आने के बाद दोबारा मार्केट जाने का मन नहीं करता है।

ऐसे में परेशान होने की जरूरत नहीं। आपके घर में आलू हो तो भी डिनर के लिए टेस्टी सब्जी बनाई जा सकती है। आलू से आप कभी भरता, तो कभी सूखी या हरी सब्जी के साथ ग्रेवी वाली भाजी बनाते होंगे। आज बनाएं आलू टमाटर झोल, इसे डिनर में परांठे या चावल के साथ खा सकते हैं।

Aloo tamatar jhol
आलू टमाटर झोल

इस तरी वाली सब्जी को आप झटपट बना सकते हैं। आलू टमाटर झोल या आलू टमाटर का झोल बनाना बहुत आसान है और इसमें डाली जाने वाली आवश्यक सामग्री भी आपके किचन में मौजूद रहती ही हैं।

आइए जानते हैं आलू टमाटर झोल की क्विक रेसिपी:

आलू टमाटर झोल बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

आलू- 3 बड़े

टमाटर-3

अदरक का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच

लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच

जीरा साबुत- आधा छोटा चम्मच

हल्दी पाउडर- आधा छोटा चम्मच

लाल मिर्च पाउडर- 1 बड़ा चम्मच

धनिया पाउडर- आधा छोटा चम्मच

अमचूर पाउडर- स्वादानुसार

गरम मसाला- 1 बड़ा चम्मचनमक- स्वादानुसार

हींग- चुटकीभर

धनिया पत्ति- गार्निश के लिए

तेल- आवश्यकतानुसार

आलू टमाटर झोल बनाने की विधि

आलू को उबाल कर उसे छील लें। ध्यान रखें बहुत अधिक आलू को ना उबालें। इसे टुकड़ों में काट लें या मैश भी कर सकते हैं। टमाटर को भी काट लें। अदरक, लहसुन को छील कर उसे मिक्सी में टमाटर में साथ डालकर पेस्ट बना लें।

अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें तेल डालें। जब तेल अच्छी तरह से गर्म हो जाए तो उसमें साबुत जीरा डालें। आपको तीखा खाना पसंद है तो साबुत लाल या हरी मिर्च भी डाल सकते हैं।

Aloo Tamatar Jhol Recipe
टमाटर झोल बनाने की रेसिपी

अब इसमें टमाटर का पेस्ट डालें और अच्छी तरह से चलाएं। सभी मसाले जैसे धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला पाउडर डालें। इन्हें 5 मिनट तक कम आंच पर भूनें। जब कड़ाही से तेल छूटने लगे तो इसमें आलू डाल दें।

अब आप इसमें हींग पाउडर, अमचूर पाउडर डाल दें। ग्रेवी के लिए इसमें अंदाज से पानी डालें। 5 मिनट तक ढंककर पकाएं। इसे एक बाउल में निकाल लें। इसमें धनिया पत्ती काटकर ऊपर से गार्निश कर दें। चावल, पूरी, रोटी के साथ गरमा-गर्म खाने का लुत्फ उठाएं।