फ्री में लीजिए एग्री बिजनेस का प्रशिक्षण, भोजन और आवास भी मुफ्त, पटना में इस दिन होगा इंटरव्‍यू

भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की नोडल एजेंसी सृष्टि फाउंडेशन एग्री बिजनेस में करियर बनाने के इच्छुक लोगों के लिए एक ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाती है जिसका नया बैच जल्द ही शुरू होने वाला है। एग्री क्लीनिक्स खोलने और एग्री बिजनेस की ट्रेनिंग लेने के लिए अभ्यर्थियों को एक साक्षात्कार देना होगा जिसके बाद उन्हें प्रशिक्षण दिया जायेगा। 

चयनित अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण के लिए भी किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। भोजन और आवास की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी। हालांकि, साक्षात्कार में शामिल होने के लिए निबंधन शुल्क के रूप में 500 रुपये का भुगतान करना होगा।

कौन हो सकते है शामिल

कृषि विषय से इंटर, स्नातक, मास्टर डिग्री लेने वाले साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा जीव विज्ञान, ज्योलाजी, केमेस्ट्री, इंवारमेंटल साइंस, वाटर एंड लैंड मैनेजमेंट, मत्स्य पालन, बायो टेक्नालाजी, डेयरी मैनेजमेंट एंड टेक्नालाजी, क्राप मैनेजमेंट, फ्लोरीकल्चर, एनिमल हस्बैंड्री, फूड साइंस एंड टेक्नालाजी, प्लांट साइंस, स्वायल साइंस और एग्री विषय से एमबीए करने वाले भी साक्षात्कार में शामिल होकर यह प्रशिक्षण ले सकते हैं।

इस दिन होगा साक्षात्कार

सृष्टि फाउंडेशन के चेयरमैन अशोक कुमार ठाकुर ने कहा कि एग्री क्लीनिक्स और एग्री बिजनेस की ट्रेनिंग के लिए पटना के किदवईपुरी स्थित रश्मि कांप्लेक्स में साक्षात्कार लिया जाएगा जिसके लिए  27 सितंबर का दिन निर्धारित किया गया है, शैक्षिक योग्यता के अंतिम वर्ष के सर्टिफिकेट की छाया प्रति, बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति, आधार कार्ड और तीन पासपोर्ट साइज फोटो के साथ युवा साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।

सरकार देगी लोन

45 दिनों के इस ट्रेनिंग के बाद आप कहीं भी कृषि संबंधी उद्योग व व्यवसाय कर सकते हैं जिसके लिए सरकार के तरफ से भी मदद के रूप में लोन ले सकते है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को 20 लाख रुपये तक का ऋण मिलता है जिसमें 36 से 44 फीसद तक की सब्सिडी भी मिलती है। महिला एवं एससी-एसटी के लिए 44 फीसद और अन्य वर्ग के लिए 36 फीसद सब्सिडी निर्धारित है। पांच लाख रुपये तक लोन बिना गारंटी के मिलता है।