बिहार: इस दिन से होगा उदयपुर सिटी-पाटलिपुत्र हमसफर एक्सप्रेस का परिचालन, देखिए रूट और टाइम टेबल
बिहार में रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है, एक लम्बे अंतराल के बाद भारतीय रेल द्वारा उदयपुर सिटी-पाटलिपुत्र साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस को शुरू किया जा रहा है। यह ट्रैन 20 जुलाई से फिर से परिचालित होगी। इस ट्रेन के परिचालन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों के बीच सफर आसान हो जाएगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन नंबर 19669 उदयपुर सिटी-पाटलिपुत्र साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस 20 जुलाई से हर बुधवार को उदयपुर सिटी से दोपहर 12.45 बजे प्रस्थान करेगी। मालूम हो कि इस साप्ताहिक ट्रेन के बंद होने की वजह से काफी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बताते चले कि गाड़ी संख्या 19669 उदयपुर सिटी-पाटलिपुत्र हमसफर एक्सप्रेस 20 जुलाई से हर बुधवार को उदयपुर सिटी से दोपहर 12.45 बजे खुलकर अगले दिन गुरुवार को रात आठ बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 19670 पाटलिपुत्र-उदयपुर सिटी हमसफर एक्सप्रेस 22 जुलाई से हर शुक्रवार को पाटलिपुत्र से रात 12 बजकर 15 मिनट पर खुलकर शनिवार को सुबह 7.35 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
इस ट्रेन के ठहराव की बात करें तो अप एवं डाउन दिशा में यह ट्रेन दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं., वाराणसी, सुलतानपुर, लखनऊ, कानपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, अछनेरा, भरतपुर, सवाई माधोपुर, कोटा, बून्दी, चन्देरिया एवं मावली जंक्शन पर रुकेगी।
अगर किराए की बात करें तो उदयपुर सिटी से पाटिलपुत्र तक का स्लीपर का किराया प्रति यात्री 735 रुपये है. वहीं थर्ड एसी का किराया प्रति यात्री 1955 रुपये है। IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर इस ट्रेन की ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।

