पटना: गंगा पाथवे पर दीघा से एलसीटी घाट तक चलने लगी गाड़ियां, गाँधी मैदान तक होगी कनेक्टिविटी
लोकनायक गंगा पाथवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अभी इसका उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन दीघा बाजार के जाम से बचने के लिए लोगों ने इसपर सफर करना शुरू कर दिया है। दीघा से 3.25 किमी की दूरी तय कर लाेग एलसीटी घाट पहुंच रहे हैं।
यहां बने डायवर्सन से राजापुर पुल के पश्चिम महावीर वात्सल्य के सामने अशोक राजपथ पर निकलने के बाद कुर्जी और बोरिंग कैनाल रोड इलाके में जा रहे हैं। बीएसआरडीसी के अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी को अगले दो सप्ताह में कार्य पूरा करने का टास्क दिया गया है।
गंगा पाथवे से गांधी मैदान हो जाएगा कनेक्ट
गुरुवार को पड़ताल के दौरान जेपी सेतु के 150 मीटर पूरब 50 मीटर का गोलंबर बनाने, राजापुर पुल पर टोल वाले 500 मीटर की दूरी में ढलाई, एनएन सिन्हा इंस्टीट्यूट जाने वाले डायवर्सन पर गिट्टी-मोरम बिछाने के साथ ढलाई और पीएमसीएच के पास कनेक्ट करने का कार्य चल रहा था।

अगले सप्ताह तक गंगा पाथवे से गांधी मैदान कनेक्ट हो जाएगा। यानी, दीघा से गांधी मैदान तक वाहन जाने लगेंगे।
गोलंबर से अटल पथ को मिलाने का काम तेज
दीघा से एनएन सिन्हा इंस्टीट्यूट तक डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लग चुकी है। अलकतरा की फाइनल पिचिंग हाे रही है। दीघा रोटरी और जेपी सेतु के बीच रेलवे द्वारा गाइड बांध बनाया गया है।
इसको हटाने के लिए बीएसआरडीसी ने रेलवे से अनुमति मांगी है। इसके बाद रोटरी सड़क का कनेक्शन हो जाएगा। दोनों तरफ मिट्टी भरने का काम पूरा हो गया है।

जेपी सेतु के 150 मीटर पूरब 50 मीटर गोलाकार गोलंबर बन रहा है। इस गोलंबर से अटल पथ को मिलाने का काम तेजी से चल रहा है। अटल पथ पार्ट टू का निर्माण कार्य 75 फीसदी हुआ है। फाइनल पिचिंग का कार्य बाकी है।
पूरा पाथवे मार्च 2024 में चालू होगा
दीघा से दीदारगंज के बीच गंगा पाथवे की कुल लंबाई 20.5 किमी है। इसमें 10.2 किमी तक स्लैब चढ़ाने का कार्य पूरा हो गया है। दीघा से पीएमसीएच की दूरी 7.5 किमी है।
इसकी कनेक्टिविटी देने के लिए अप्रोच सह सर्विस रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद 12.5 किमी पर गायघाट के पास दिसंबर 2022 में कनेक्टिविटी मिलेगी।
वहीं, 15.5 किमी पर कंगनघाट और 16.5 किमी पर पटना घाट की कनेक्टिविटी अप्रैल 2023 में देने का लक्ष्य है। अंतिम कार्य 20.5 किमी पर दीदारगंज में हाेने के बाद मार्च 2024 में पूरा पाथवे चालू होगा।
4 जगह बनेंगे फुट ओवरब्रिज
दीघा से एनएन सिन्हा इंस्टीट्यूट के बीच चार जगह फुट ओवरब्रिज और चार जगह बस बेज की सुविधा मिलेगी। इनमें जेपी सेतु गोलंबर, कुर्जी, राजापुर पुल और बांसघाट शामिल हैं।
दीघा से एनएन सिन्हा इंस्टीट्यूट तक पाथवे की दोनों तरफ पांच-पांच मीटर चौड़ाई में 60 हजार पेड़ लगाए जाएंगे। इसके लिए मिट्टी भरने का कार्य पूरा हो गया है। वहीं, पाथवे के उत्तर गंगा किनारे तरफ से 5 मीटर चौड़ा पाथवे बनेगा। इसपर लाेग सुबह-शाम टहल सकेंगे।

