नहाय खाय से शुरू हो रहा चैती छठ का महापर्व, सूर्य उपासना के साथ पूरा होगा संकल्प
साल में दो बार छठ महापर्व मनाया जाता है। दीपावली और चैत्र नवरात्र में छठ महापर्व पड़ता है। बिहार और उत्तर प्रदेश में छठ महापर्व को लेकर काफी तैयारी होती है।
5 अप्रैल मंगलवार को नहाय खाय के साथ चैती छठ महापर्व की शुरुआत हो रही है। बुधवार 6 अप्रैल को खरना होगा और गुरुवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

शुक्रवार 8 अप्रैल की सुबह सूर्य की उपासना के साथ महापर्व का संकल्प पूरा होगा। व्रतियों के घर से लेकर प्रशासन तक की तैयारी चल रही है।
पटना के शहरी क्षेत्र में 26 घाटों पर अर्घ्य की तैयारी की गई है, जबकि 24 घाटों को खतरनाक घोषित किया गया है।
छठ महापर्व में उपासना
चैती छठ में व्रतियों की संख्या कम होने के बाद भी महापर्व धूमधाम से मनाया जाता है। गर्मी अधिक है, लेकिन व्रतियों की तैयारी चल रही है।
महापर्व की शुरुआत 5 अप्रैल मंगलवार को नहाय खाय से होगी जो 8 अप्रैल शुक्रवार की सुबह सूर्य उपासना के साथ पूरा होगा।

सूर्य उपासना का महापर्व
5 अप्रैल – नहाय खाय
6 अप्रैल – खरना
7 अप्रैल – संध्या अर्घ्य
8 अप्रैल – प्रातः अर्घ्य
छठ पूजा के सामानों से सजे बाजार
छठ महापर्व को लेकर बाजार सज गए हैं। पूजा के सामानों के साथ फलों से भी बाजार सजे हैं। सूप और डाला के साथ पूजा की पूरी व्यवस्था की जा रही है।

घरों में पूजा को लेकर हर स्तर से तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने घाटों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी तैयारी कर ली है। सामान्य घाटों के साथ खतरनाक घाटाें को भी चिन्हित कर लिया गया है।
घाटों को लेकर हुई तैयारी
छठ पूजा के अवसर पर व्रतियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के साथ शांतिपूर्ण ढंग से उपासना को लेकर प्रशासन की बड़ी तैयारी चल रही है।
चैती छठ के अवसर पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके लिए डीएम और एसएसपी का संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
पटना सहित राज्य के अन्य जिलों में भी चैती छठ को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था की पूरी तैयारी की गई है।

पटना के 24 घाट खतरनाक घोषित
चैती छठ को लेकर पटना में 24 घाटों को खतरनाक घोषित किया गया है। पटना के शहरी क्षेत्र में कुल 26 घाटों को छठ पर्व के लिए जिला प्रशासन ने हरी झंडी दी है।
इसमें पटना सदर अनुमंडल में 14 घाट, पटना सिटी अनुमंडल में 7 घाट और दानापुर अनुमंडल में 5 घाट हैं। वहीं जिला के 24 घाटों को खतरनाक घोषित किया गया है।
खतरनाक घाटों पर आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। उपयुक्त एवं खतरनाक दोनों तरह के घाटों पर वरीय दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इसके साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।
पटना में 100 से अधिक मजिस्ट्रेट तैनात
चैती छठ में पटना में 100 से अधिक मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। इनकी ड्यूटी पालीवार होती है। पटना में 100 से भी अधिक दंडाधिकारी चैती छठ पर्व को सफल बनाने में लगाए गए हैं।
5 अप्रैल को सुबह 6 बजे से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी काे अपने-अपने छठ घाटों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहकर विधि व्यवस्था संभालने का आदेश दिया गया है।

